लंदन: इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम इंडिया के कुलदीप यादव को मौका नहीं दिया गया. 2 साल बाद टेस्ट टीम में वापसी के लिए तैयार बैठे कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) को एक बार फिर से नजरअंदाज किया गया. जिसके बाद अब ये मामला तूल पकड़ता जा रहा है. कुलदीप यादव को नहीं चुनकर विराट कोहली ने अक्षर पटेल के चोटिल होने के कारण बाहर हो जाने के बाद स्टैंड बाइ लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज नदीम (Shahbaz Nadeem) को मौका दिया.
कुलदीप के साथ नाइंसाफी
सुंदर और अश्विन के साथ तीसरे स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) को बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन एक बार फिर उनके साथ नाइंसाफी हुई. टीम मैनेजमेंट के इस फैसले की काफी आलोचनाएं हो रही हैं. अब वसीम जाफर (Wasim Jaffer) ने कुलदीप को अपना सपोट दिया है.
वसीम जाफर ने कुलदीप का किया सपोट
चोट के कारण रविंद्र जडेजा इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाएंगे और इसलिए अधिकतर पूर्व खिलाड़ियों का मानना था कि कुलदीप (Kuldeep Yadav) को अंतिम एकादश में जगह मिलनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
वसीम जाफर (Wasim Jaffer) ने ट्वीट कर कुलदीप को भरोसा दिया है कि जब भी उनको मौका मिलेगा वो अच्छा करेंगे. उन्होंने लिखा, ‘मैं कुछ कर नहीं सकता लेकिन मुझे कुलदीप के लिए बुरा लग रहा है. अगस्त से वो एक बायो-बबल से दूसरे में जा रहा है लेकिन उन्हें अभी तक अपने टैलेंट को दिखाने का मौका नहीं मिला. आशा मत खोना कुलदीप. तुमने ये पहले भी किया है, मुझे यकिन है कि तुम्हें मौका मिलेगा और तुम फिर से खुद को साबित करोगे’.
2 साल बाद भी कुलदीप को नहीं मिला मौका
कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) ने साल 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धर्मशाला में अपना टेस्ट डेब्यू किया था. कुलदीप यादव ने भारत के लिए अब तक 6 टेस्ट मैचों में 24 विकेट लिये हैं.
कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) ने अपना आखिरी टेस्ट मैच साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेला था. उस मैच में कुलदीप यादव ने पारी में 5 विकेट लिए थे.
कुलदीप (Kuldeep Yadav) इस साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी टीम इंडिया के साथ मौजूद थे, लेकिन वह पूरी सीरीज में बाहर ही बैठे रहे. अजिंक्य रहाणे और कोच रवि शास्त्री ने कुलदीप यादव की तारीफ भी की थी, क्योंकि कुलदीप ने बिना किसी स्वार्थ के भारतीय बल्लेबाजों को नेट्स पर अभ्यास कराया था.