Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने साधौ की तस्वीर पर चप्पलें बरसाई।
कांग्रेस सम्मेलन के मंच से गुरुवार काे पूर्व कांग्रेस कैबिनेट मंत्री विजयलक्ष्मी साधाै के एक बयान के बाद इंदौर की राजनीति गरमा गई है। साधौ ने पूर्व महापौर और विधायक मालिनी गौड़ को गूंगी गुड़िया कहा था। बयान के विरोध में शुक्रवार को राज मोहल्ला भगत सिंह प्रतिमा पर भाजपाइयों ने ना सिर्फ साधौ के पुतले पर चप्पल बरसाई। बल्कि उसे दहन भी कर दिया। भाजपा ने साधौ से तत्काल माफी मांगने की बात कही है। एेसा नहीं करने पर उग्र आदाेलन की भी चेतावनी दी गई है।

भाजपाइयों ने साधौ का पुतला दहन कर माफी मांगने की मांग की।
साधौ ने गुरुवार को मंच से विधायक संजय शुक्ला को कांग्रेस की ओर से महापौर पद का प्रत्याशी घोषित किया था। साथ ही महापौर मालिनी गौड़ को लेकर कहा था कि वे तो गूंगी गुड़िया के रूप में महापौर के पद पर बैठी हुई थीं। वे सिर्फ अधिकारियों से काम करवाया है। मामले में नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे का कहना है कि यह बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। एक महिला का एक महिला द्वारा एेसा अपमान। कांग्रेस और साधौ के इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। मालिनी गौड़ के नेतृत्व में ही हम चार बार स्वच्छता में नंबर वन आए हैं। यह मालिनी गौड़ का अपमान नहीं इंदौर की हर महिला का अपमान है।

भाजपाई बोले – पूर्व महापौर का इस प्रकार से अपमान अशोभनीय।
यह कहा था साधौ ने..
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को कार्यकर्ता सम्मेलन का अायाेजन किया था। इसमें पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने पूर्व महापौर मालिनी गौड़ को गूंगी गुड़िया कहा था। उन्होंने कहा मुझे इंदौर के ऊपर आश्चर्य होता है कि आप लोगों ने जिन्हें महापौर का चुनाव जिताकर भेजा, वे अभी हमारे साथ विधानसभा में हैं। मैंने उन्हें ज्यादा सुना- समझा नहीं, लेकिन इंदौर जैसी आर्थिक राजधानी में महापौर और विधायक बनना। इंदौर के मुद्दे विधानसभा में नहीं रखना, इंदौर की बातें लोगों के बीच में नहीं रखना, यह बड़ा आश्चर्य होता है। एक गूंगी गुड़िया को आपने विधायक और महापौर के रूप में रखा है। मुझे इंदौर की जनता के ऊपर तरस आता है कि आपने कैसे व्यक्ति को इंदौर की बागडोर संभालने के लिए दी है।
विधानसभा के उपचुनाव के दौरान कमलनाथ का आइटम वाले बयान से हुई थी किरकिरी
विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व मंत्री इमरती देवी को आइटम कह दिया था। इस बयान के बाद कांग्रेस की जमकर किरकिरी हुई थी। अब नगरीय निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस की पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने इस बयान के बाद नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है।