IND vs ENG: कोहली टेस्ट में 11वीं बार शून्य पर आउट हुए, इससे पहले 10 मौकों में से चार बार टीम इंडिया को जीत मिली– News18 Hindi

IND vs ENG: कोहली टेस्ट में 11वीं बार शून्य पर आउट हुए, इससे पहले 10 मौकों में से चार बार टीम इंडिया को जीत मिली– News18 Hindi


नई दिल्ली. इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में हो रहे दूसरे टेस्ट (India vs England) के पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया. लेकिन कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) के लिए यह सही साबित नहीं हुआ. वे खुद शून्य पर आउट हो गए. उन्हें इंग्लैंड के स्पिनर मोइन अली (Moeen Ali) ने क्लीन बोल्ड किया. विराट को पहली बार टेस्ट क्रिकेट में किसी स्पिनर ने शून्य पर आउट किया. यह पहला मौका नहीं था, जब कोहली टेस्ट मैच में बिना खाता खोले आउट हुए हैं. इस मैच से पहले वे 10 बार शून्य पर आउट हो चुके हैं. पिछली बार भारतीय कप्तान बांग्लादेश के खिलाफ इंदौर टेस्ट में शून्य पर आउट हुए थे. तब उन्हें अबू जायेद ने एलबीडब्ल्यू आउट किया था.

इतना ही नहीं, चेन्नई टेस्ट में कोहली के नाम एक और अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया. ऐसा पहली बार हुआ, जब वे घरेलू मैदान में लगातार दो पारियों में क्लीन बोल्ड हुए हैं. सीरीज के पहले टेस्ट में भी भारतीय कप्तान क्लीन बोल्ड हुए थे. टेस्ट की दूसरी पारी में उन्हें इंग्लैंड के तेज गेंदबाज बेन स्टोक्स ने 72 रन पर आउट किया था. भारत में कोहली ने 63 पारियां खेली हैं. इसमें 4 बार वे बोल्ड हुए हैं.

India vs England: रोहित शर्मा ने जड़ा शानदार शतक, मोहम्मद युसूफ-तिलकरत्ने दिलशान को पीछे छोड़ा

चेन्नई टेस्ट को अगर जोड़ लें, तो कोहली अब तक 11 बार इस फॉर्मेट में शून्य पर आउट हुए हैं. पहली बार वे अपने करियर के दूसरे ही टेस्ट मैच में 0 पर आउट हो गए थे. यह वाकया 2011 के वेस्टइंडीज दौरे का है. तब विराट को ब्रिजटाउन टेस्ट में तेज गेंदबाज रवि रामपाल ने ने डैरेन सैमी के हाथों कैच आउट कराया था. विराट अपने टेस्ट करियर में 4 मौकों पर पहली गेंद और इतनी ही बार दूसरी गेंद पर आउट हुए हैं. इसके अलावा वे एक बार अपनी पारी के चौथी गेंद और एक बार 11वीं गेंद पर बिना खाता खोले आउट हुए हैं. चेन्नई टेस्ट में भारतीय कप्तान पांचवीं गेंद पर आउट हुए.

India vs England: बुमराह को नहीं खिलाने पर भड़के गावस्कर, कहा-नंबर वन गेंदबाज को रेस्ट देने की क्या जरूरत थी

भारत के लिए अच्छी बात यह है कि विराट इस मैच से पहले तक जिन 10 मौकों पर बिना खाता खोले आउट हुए थे. उसमें से चार बार टीम इंडिया ने मैच जीता है, जबकि इतनी ही बार उसे हार मिली है. दो मौकों पर मैच ड्रॉ रहा है. पिछली बार वे बांग्लादेश के खिलाफ 2019 में इंदौर में हुए टेस्ट में शून्य पर आउट हुए थे. लेकिन जीत टीम इंडिया की झोली में आई थी. तब भारत ने मेहमान टीम को पारी और 130 रन से हराया था.

वहीं, इससे पहले दो और मौकों पर, जब विराट टेस्ट की किसी पारी में बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, तब भी जीत टीम इंडिया को ही मिली थी. 2019 में ही कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन टेस्ट में शून्य पर आउट हुए थे. तब उन्हें केमार रोच ने अपना शिकार बनाया था. उस समय पर भी भारत टेस्ट मैच 257 रन से जीता था. वहीं, 2018 में भी ऐसा मौका आया, जब विराट कोहली के टेस्ट में शून्य पर आउट होने के बावजूद भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में हराया था. तब टीम इंडिया ने मेलबर्न टेस्ट में मेजबान टीम को 137 रन से शिकस्त दी थी.

टेस्ट क्रिकेट में इन गेंदबाजों ने कोहली को शून्य पर आउट किया:

1. रवि रामपाल, वेस्टइंडीज

2. बेन हिल्फेनहॉस, ऑस्ट्रेलिया

3. लियाम प्लंकेट, इंग्लैंड

4. जेम्स एंडरसन, इंग्लैंड

5. मिशेल स्टार्क, ऑस्ट्रेलिया

6. सुरंगा लकमल, श्रीलंका

7. स्टुअर्ट ब्रॉड, इंग्लैंडॉ

8. पैट कमिंस, ऑस्ट्रेलिया

9. केमार रोच, वेस्टइंडीज

10. अबु जायद, बांग्लादेश

11. मोइन अली, इंग्लैंड





Source link