Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ के कहने पर उनके समर्थकों ने तोड़फोड़ और हंगामा किया।
- श्यामला हिल्स पुलिस ने पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया
- समर्थकों के साथ सुरेंद्र नाथ ने भी गिरफ्तारी दी, पुलिस कुछ भी कहने से बच रही
भोपाल में वैलेंटाइन डे के विरोध के नाम पर भाजपा के पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ के समर्थकों ने गुंडागर्दी करते हुए हुक्का लाउंज में जमकर तोड़फोड़ की। लाठी डंडे लिए युवकों ने सरेराह जमकर हंगामा भी किया। नारे लगाते हुए हुक्का लाउंज और शराब दुकान बंद किए जाने की मांग करते रोड पर प्रदर्शन पर भी किया।

प्रदर्शन कर रहे युवकों ने शराब और हुक्का लाउंज बंद किए जाने की मांग की।
घटना के बाद सुरेंद्र नाथ ने भी श्यामला हिल्स थाने पहुंचकर अपनी गिरफ्तारी की। उन्होंने दैनिक भास्कर से फोन पर बताया कि इस तरह के हुक्का लाउंज में युवाओं को आतंकी बनाया जा रहा है। लव जिहाद में झोंका जा रहा है। यह सभी साजिश के अड्डे बन गए हैं। हम इनका विरोध करते हैं और इसे रोकने के लिए आगे आते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान वे मौके पर नहीं थे। हालांकि उनके कहने पर ही उनके समर्थकों ने भोपाल भर में हुक्का लाउंज और शराब दुकानों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। मेरे कहने पर मेरे समर्थकों ने यह किया है, इसलिए मैंने भी अपनी गिरफ्तारी दी है।

हाथ में क्रिकेट का बैट और लाठी डंडे लेकर इस तरह लाउंज में घुसे।
श्यामला हिल्स पुलिस के अनुसार नारियलखेड़ा निवासी 24 साल के विशाल कुमार पिता नरेंद्र कुमार की किलोल पार्क के पास जंकयार्ट कैफे अंगीठा नाम से हुक्का लाउंज है। दोपहर करीब 12.30 बजे 2 दर्जन से अधिक लोग नारेबाजी करते हुए हुक्का लाउंज घुस आए। गाली-गलौज करते हुए उन्होंने तोड़फोड़ शुरू कर दी।
कर्मचारियों के साथ उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह मारपीट करने पर उतारू हो गए। उन्होंने लव जिहाद फैलाने के आरोप भी लगाए। उस दौरान ज्यादा संख्या में ग्राहक नहीं थे। इसलिए मारपीट जैसी घटना नहीं हो सकी। उन्होंने धमकाते हुए कहा कि अगर दुकान पर दोबारा दिखाई दिए तो जान से मार देंगे।
घटना के बाद उपद्रवी हंगामा करते हुए वहां से निकल गए। पुलिस ने विशाल की शिकायत पर विनोद सोनी, फूल सिंह माली, सारन खटीक, शैलू खंडेलवाल, अमित राठौर, जतिन सोनी और सुमति पंडवारी समेत अन्य के खिलाफ बलवा, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की।