इंग्लैंड की पहली पारी 134 रनों पर सिमटी
रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल की बलखाती गेंदों के दम पर भारत ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया. सुबह के सत्र में तेज गेंदबाज इशांत शर्मा (15 रन देकर एक) ने भारत को पहली सफलता दिलायी. उन्होंने बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज रॉरी बर्न्स को पगबाधा आउट करके उन्हें खाता भी नहीं खोलने दिया. दूसरे सलामी बल्लेबाज डॉम सिब्ली (16) आउट होने वाले अगले बल्लेबाज थे. अश्विन की गेंद पर कप्तान विराट कोहली ने लेग स्लिप में उनका कैच लिया. मैदानी अंपायर ने अपील ठुकरा दी थी जिसके बाद भारत ने रिव्यू लिया था जिससे उसके पक्ष में फैसला गया था. पहले टेस्ट मैच में 218 रन की शानदार पारी खेलकर इंग्लैंड की जीत के नायके बने जो रूट (छह) का महत्वपूर्ण विकेट अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे अक्षर पटेल ने लिया. इंग्लैंड के कप्तान ने टर्न लेती गेंद पर स्वीप करने का प्रयास किया और शार्ट फाइन लेग पर अश्विन को आसान कैच थमाया. अश्विन ने लंच से ठीक पहले डैन लॉरेन्स को शार्ट लेग पर शुभमन गिल के हाथों कैच कराया.
अश्विन ने लंच के बाद बेन स्टोक्स (18) को कोण लेती गेंद पर चकमा देकर बोल्ड किया जबकि मोहम्मद सिराज ने घरेलू सरजमीं पर अपनी पहली गेंद ही ओली पोप (22) का विकेट लेकर फॉक्स के साथ उनकी 35 रन की साझेदारी तोड़ी. इसमें हालांकि विकेटकीपर पंत का योगदान अहम रहा जिन्होंने अपनी बायीं तरफ डाइव लगाकर शानदार कैच लिया. इंग्लैंड 47वें ओवर में तिहरे अंक में पहुंचा लेकिन अश्विन और पटेल के दोबारा आक्रमण पर आने के बाद तुरंत ही दो विकेट निकाल दिए. पटेल के दूसरे स्पैल की पहली गेंद ही मोईन अली (छह) के बल्ले को चूमकर पंत के थाई पैड से टकरागर हवा में उछली जिसे स्लिप में अंजिक्य रहाणे ने बड़ी खूबसूरती में कैच में बदल दिया. अश्विन ने ओली स्टोन (एक) को चाय के विश्राम से ठीक पहले आसान कैच देने के लिये मजबूर किया.
यह भी पढ़ें:
IND vs ENG: विराट कोहली ने सीटी बजाते हुए दर्शकों से की ये डिमांड; दर्शक झूमे, देखें VIDEO
India vs England: चेन्नई की पिच पर अश्विन का कहर, झटके 5 विकेट, हरभजन सिंह-एंटिनी को छोड़ा पीछे
इससे पहले भारत ने अपने कल के स्कोर में 29 रन जोड़े. इनमें से 25 रन पंत के बल्ले से निकले. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली स्टोन ने 47 रन देकर तीन विकेट लिए. ऑफ स्पिनर मोईन अली (128 रन देकर चार) उसके सबसे सफल गेंदबाज रहे लेकिन उन्होंने काफी रन लुटाये. जैक लीच (78 रन देकर दो) और जो रूट (23 रन देकर एक) सफलता हासिल करने वाले अन्य गेंदबाज थे. भारत ने दिन के दूसरे ओवर में दो विकेट गंवाये जबकि मोईन ने तीन गेंद के अंदर अक्षर पटेल (पांच) और इशांत को आउट किया. पटेल को बेन फॉक्स ने स्टंप आउट किया जबकि इशांत स्वीप करने के प्रयास में बर्न्स को आसान कैच दिया.
इस मैच में वापसी करने वाले कुलदीप यादव भी खाता नहीं खोल पाये लेकिन उन्होंने 14 गेंदें खेली और पंत के साथ 24 रन जोड़ने में मदद की. उन्होंने स्टोन के बाउंसर पर कैच दिया. स्टोन ने इसी ओवर में मोहम्मद सिराज (चार) को आउट करके भारतीय पारी का अंत किया.