Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रतलाम2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- जिस पिकअप में भेड़ भर ले गए थे उस समेत 48700 रुपए जब्त
कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के सेमलिया मगरे पर गड़ेरिया परिवार के साथ मारपीट व लूटपाट करने वाली गैंग के तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये पिकअप ड्राइवर है, जिसने लूट करने वाली टीम से भेड़ खरीदी और इन्हें अगली सुबह आलोट हाट में बेच दिया। पुलिस ने इसके कब्जे से पिकअप और 48 हजार 700 रुपए जब्त किए हैं। मास्टरमाइंड समेत अन्य की तलाश है। कालूखेड़ा थाना प्रभारी विजय सनस ने बताया कि मोंगिया गैंग ने लूट को अंजाम दिया और इस गिरोह का जो सरगना है उसने खरीदार हैदर पिता आमिन कन्ना (27) निवासी मुल्तानपुरा मंदसौर से संपर्क किया। हैदर सेमलिया मगरे पहुंचा और जो भेड़ें गैंग ने लूटी थीं उनमें से 30 भेड़ भरकर चला गया।
उसने ये भेड़ अगले ही दिन 6 फरवरी शनिवार को आलोट के पास लगने वाले हाट में 60 हजार रुपए में बेच दी। जो पैसा आया उसमें से करीब 10 हजार रुपए का पेट्रोल-डीजल व अन्य तरीके से खर्च कर िदए। 48 हजार 700 रुपए पुलिस ने जब्त किए हैं। इसके पहले लूट को अंजाम देने वाले दो आरोपी गोवर्धन मोंगिया व गोविंद मोंगिया दोनों निवासी काचरिया चंद्रावत जिला मंदसौर को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। इन्हीं से पूछताछ के आधार पर रविवार को तीसरे आरोपी हैदर को भी गिरफ्तार कर लिया। अब मास्टर माइंड समेत गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ में कर चुके हैं ऐसी ही वारदात
ऐसा पता चला है कि ये गिरोह इसके पहले प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ में भी गडरियों पर हमला करके भेड़ लूटने जैसी वारदातें कर चुका है। 5 फरवरी की रात कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के सेमलिया मगरे पर जब रेवारी परिवार भेड़े लेकर आए तो गांव के ही एक व्यक्ति ने रैकी की और गैंग सरगना को सूचना दी। फिर उसने सभी गिरोह सदस्यों को जुटाकर लूट को अंजाम दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में शामिल थाना प्रभारी सनस के साथ ही एसआई आरसी खड़िया, एएसआई जीएस चंद्रावत, आदि की भूमिका रही है।