शतक के बाद अश्विन के फैन हुए इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी, वॉन बोले- निर्मम बल्लेबाजी– News18 Hindi

शतक के बाद अश्विन के फैन हुए इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी, वॉन बोले- निर्मम बल्लेबाजी– News18 Hindi


नई दिल्ली. 40 टेस्ट और पांच साल बाद रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने टेस्ट में शतक जमाया. उनकी इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने चेन्नई टेस्ट अपनी मुठ्ठी में कर लिया है. चेपॉक के टर्निंग ट्रैक पर जिस तरह दूसरी पारी में उन्होंने बल्लेबाजी की, उससे पूर्व दिग्गज खिलाड़ी भी उनके कायल हो गए. खासतौर पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन. एक दिन पहले ट्वीट कर चेपॉक की पिच पर सवाल उठाने वाले वॉन ने अश्विन की दिल खोलकर तारीफ की. उन्होंने ट्वीट किया कि भारत के पास इस तरह की कंडीशंस में खेलने के लिए काफी सारे खिलाड़ी हैं. अश्विन की शानदार पारी. वॉन के अलावा इंग्लैंड के एक और पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने भी अश्विन के मुरीद हो गए. उन्होंने लिखा कि शानदार खेला चेन्नई सुपर किंग्स!, शानदार शतक के लिए बधाई. इयन बेल ने भी अश्विन की इस पारी के लिए कुछ ऐसी ही बात कही. बेल ने लिखा वाकई यह पारी खास थी. भारत की तरफ से शानदार क्रिकेट खेली गई.

माइकल वॉन ने अश्विन की बल्लेबाजी को बताया निर्मम

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने भी अश्विन की बल्लेबाजी की तारीफ की. उन्होंने ट्वीट किया कि मुश्किल पिच पर अश्विन ने एक बढ़िया पारी खेली. कई पूर्व भारतीय दिग्गजों और मौजूदा खिलाड़ियों ने भी ट्रनिंग ट्रैक पर इस भारतीय ऑलराउंडर के शतक को शानदार ठहराया. दिनेश कार्तिक ने अश्विन की तारीफ करते हुए उन लोगों पर निशाना साधा, जो चेपॉक की पिच को लेकर सवाल उठा रहे थे. कार्तिक ने लिखा कि सातवें नंबर पर शतक. मुझे लगता है कि अब कम से कम खेल पंडितों के दिमाग में पिच को लेकर जो शक पैदा हो रहा था, वो कम होगा. एक निश्चित गेम प्लान और खुद की तकनीक पर यकीन करके चेन्नई के विकेट पर अच्छी बल्लेबाजी की जा सकती है.

शेन वॉर्न ने मुश्किल पिच पर शानदार बल्लेबाजी के लिए अश्विन को किया सलाम

अश्विन सम्मान के हकदार हैं: लक्ष्मण

वीवीएस लक्ष्मण ने भी ट्वीट कर अश्विन को बधाई दी. उन्होंने लिखा कंफर्ट जोन में रहकर आप बड़ा काम नहीं कर सकते. अश्विन की तरफ से शानदार पारी. उन्होंने दिखाया कि इस पिच पर बल्लेबाजी करना मुश्किल है. लेकिन नामुमकिन नहीं. ऐसे में अश्विन सम्मान के हकदार हैं.

वीवीएस लक्ष्मण ने किया अश्विन को सलाम

IND VS ENG: आर अश्विन ने चेन्नई टेस्ट की दूसरी पारी में जड़ा शतक, बना डाला ये रिकॉर्ड

अश्विन ने कोहली के साथ अहम पार्टनरशिप की

चेन्नई टेस्ट के तीसरे दिन अश्विन उस वक्त बल्लेबाजी के लिए उतरे थे, जब भारत के दूसरी पारी में 106 रन पर 6 विकेट गिर चुके थे. एक छोर पर विराट कोहली पारी को संभालने में जुटे हुए थे. अश्विन ने आते ही खुलकर शॉट्स खेले. इस वजह से इंग्लैंड को डिफेंसिव फील्ड सेट करनी पड़ी. इसका फायदा उठाते हुए कोहली और अश्विन ने सातवें विकेट के लिए 96 रन जोड़े. विराट के आउट होने के बाद भी अश्विन ने हिम्मत नहीं हारी और पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ खेलते हुए न सिर्फ अपना पांचवां शतक पूरा किया. बल्कि इंग्लैंड के सामने 482 रन का बड़ा टारगेट भी खड़ा करने में अपना योगदान दिया





Source link