- Hindi News
- Local
- Mp
- The Municipal Health Officer Celebrated The Birthday By Cutting The Cake With The Sword, Said There Has Been A Mistake; Commissioner Said Will Get Notice
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
देवास3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी तलवार से जन्मदिन का केक काटते हुए
देवास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी तलवार से जन्मदिन का केक काटते दिख रहे हैं। वीडियो 16 फरवरी का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक 16 फरवरी को नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख रामसिंह केलकर का जन्मदिन था। अपने अधिकारी को खुश करने के लिए मातहतों ने उनका जन्मदिन निगम कार्यालय में ही मनाने का प्लान बनाया। इसके लिए बकायदा केक भी मंगवाया गया। चूक ये हो गई कि केक काटने के लिए चाकू की जगह तलवार का उपयोग किया गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि सभी कर्मचारी केलकर को माला पहनाते हैं। इसके बाद वह तलवार हाथ में लेकर टेबल पर रखा केक काटते हैं। कर्मचारी ताली बजाते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हैं। इस पूरी घटनाक्रम को एक साथी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जहां यह वायरल हो गया।
केलकर बोले- गलती हुई, लेकिन लोग खुश थे
मामले में जब रामसिंह केलकर से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि दूसरे कर्मचारी ही केक और तलवार लाए थे। हालांकि उन्होंने माना कि ऐसा करना गलत है, चूक हुई है, लेकिन साथियों की खुशी को नजरअंदाज नहीं कर सकते थे। खास है कि केलकर 26 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं। बताया जाता है कि तत्कालीन निगमायुक्त के साथ उनका विवाद भी हो चुका है। विवाद का वीडियो भी वायरल हुआ था। जानकारी के मुताबिक कई बार केलकर का ट्रांसफर किया गया, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण वह पिछले कई वर्षों से यहीं जमे रहे।
अब मिलेगा नोटिस
मामले में निगमायुक्त विशाल सिंह चौहान का कहना है कि इस तरह किसी अधिकारी को शोभा नहीं देता। केलकर को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा।