Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
नकली घी बनाने वाले फरार विजय कुकरेज को ग्वालियर से माढ़ोताल पुलिस ने दबोचा।
- माढ़ोताल क्षेत्र के कसौंधन नगर में विजय कुकरेजा की विजय नाम से संचालित थी इंडस्ट्रीज
- गिरफ्तारी पर एसपी ने घोषित किया था इनाम, प्रशासन ने मकान व दुकान कर दिया था जमींदोज
जिले की माढ़ोताल पुलिस ने ग्वालियर से मिलावटखोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 27 दिन से फरार था। एसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर सात हजार का इनाम भी घोषित किया था। बुधवार को ही जिले की एंटी माफिया सेल ने चार हजार वर्गफीट में एक करोड़ की लागत निर्मित मकान एवं गोदाम जमींदोज कर दिया था।

22 जनवरी को मिलावट घी पुलिस व खाद्य विभाग ने जब्त किए थे।
जानकारी के अनुसार कसौंधन नगर माढ़ोताल में 22 जनवरी को पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने विजय कुकरेजा की विजय इंडस्ट्रीज पर छापा मारा था। वहां डालडा, एसेंस मिलाकर घी तैयार किया जाता था और फिर उसे ब्रांडेड कंपनियों विजय भोग घी, देशी घी, सरल घी, कान्हा घी, देहाती घी के पैकेटों में भरकर बाजार में बेचा जाता था। इस मामले में माढ़ोताल पुलिस ने आरोपी विजय कुकरेजा के खिलाफ अपराध क्र. 49/21 धारा 417, 420, 270, 272 भादवि का प्रकरण दर्ज किया था।

40 हजार वर्गफीट में एक करोड़ से कराया था निर्माण।
एफआईआर दर्ज होने के बाद हो गया था फरार
गढ़ा सीएसपी तुषार सिंह के मुताबिक आरोपी एफआईआर दर्ज होने के बाद फरार हो गया था। उसकी फरारी पर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने सात हजार का इनाम घोषित किया था। आरोपी की फरारी को देखते हुए एंटी माफिया सेल ने 17 फरवरी को कसौंधन नगर पहुंच कर आरोपी विजय कुकरेजा के 4000 वर्गफीट में एक करोड़ की लागत से निर्मित मकान व गोदाम को जमींदोज कर दिया था।

विजय कुकरेजा का मकान व दुकान तोड़ा गया।
साइबर सेल की टीम ने खोज निकाला आरोपी का लोकेशन
मकान व गोदाम तोड़े जाने की खबर आरोपी को लग गई थी। वह बेचैन हो गया था। वह लगातार परिवार के लाेगों से बातचीत कर रहा था। पुलिस की साइबर सेल भी इसी ताक में थी। आरोपी का लोकेशन ग्वालियर में मिला। इसके बाद माढ़ोताल थाने की एक टीम ग्वालियर पहुंची। वहां आरोपी अपने दोस्त के घर छिपा हुआ था। स्थानीय पुलिस की मदद से माढ़ोताल पुलिस ने आरोपी विजय कुकरेजा को दबोच लिया। आरोपी को पुलिस जबलपुर ला रही है।