गुरवार को सीधी बस हादसे पर अधिकारियों को फटकार लगाते सीएम का वीडियो भी सामने आ गया है. किसी अधिकारी ने जब बस हादसे की वजह ओवर लोडिंग होना बताया तो शिवराज भड़क गए. उन्होंने कहा- ये कोई तर्क है कि परीक्षा थी तो ओवरलोड हो गई बस ? उस वक्त ट्रांसपोर्ट विभाग के अधिकारी क्या कर रहे थे ? जब सीएम को बताया गया कि यहां जाम लगा था तो उन्होंने कहा- जाम लगा था तो क्या सब अधिकारी सो रहे थे ?
इन अधिकारियों पर गिरी गाज, सीएम ने किया सस्पेंड
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधी कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद एक साथ कई अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. इस दौरान जिन अधिकारियों पर सस्पेंड होने की गाज गिरी है उनमें मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPRDC) के डिविजनल मैनेजर, एजीएम और मैनेजर शामिल हैं. इन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है. इसके साथ ही सीधी आरटीओ (RTO) पर भी कार्रवाई की गाज गिरी है. सीधी आरटीओ को भी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है.
सीएम ने दिखाए सख्त तेवर
इन अधिकारियों पर सस्पेंड की कार्रवाई करने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधी कलेक्ट्रेट में तमाम बड़े अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की. इस बैठक में मुख्यमंत्री ने सख्त तेवर दिखाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भविष्य में इस तरीके की घटना दोबारा ना हो इसके लिए सभी जिम्मेदार अधिकारी गांठ बांध लें.