वसंत पंचमी का भोज मंत्री अरविंद भदौरिया के घर हुआ था जिसमें गोविंद राजपूत भी शामिल हुए थे.
Bhopal : सीधी में वसंत पंचमी 16 फरवरी को यात्रियों से खचाखच भरी बस बाणसागर नहर में गिर गयी थी.उस हादसे में 53 यात्रियों की डूबने से मौत हो गयी थी.ठीक उसी दिन हंसते हुए खाना खा रहे परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत (Govind rajput) की फोटो वायरल हो गयी थी.
सीधी बस हादसे के बाद पूरे परिवहन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. 4 अफसर तो अगले दिन ही सस्पेंड कर दिए गए थे.उनके साथ उंगली उठी परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत पर जिनकी उस दिन हंसते हुए खाना खाने की एक फोटो वायरल हो गयी थी.जिस दिन सीधी बस हादसा हुआ था उसी दिन मंत्री अरविंद भदौरिया के घर पर वसंत पंचमी का कार्यक्रम था.गोविंद राजपूत उसी में शामिल हुए थे और वहां उन्होंने सबके साथ भोजन किया था.उनकी यही तस्वीर वायरल हुई थी.
हादसे के बाद हंसी ठिठोली और भोजन!
फोटो में राजपूत हंसते हुए खाना खाते दिखाई दे रहे थे.कांग्रेस ने उनके इस कार्यक्रम में शामिल होने पर सवाल खड़े किए थे.कांग्रेस का आरोप था कि ऐसे भयानक हादसे के बाद मंत्री को घटनास्थल पर होना चाहिए था वहां राहत औऱ बचाव कार्य देखने चाहिए थे लेकिन उस सबसे बेपरवाह गोविंद राजपूत भोजन के लुत्फ ले रहे थे और हंस ठिठोली कर रहे थे.विपक्ष ने मज़ाक उड़ाया
गोविंद राजूत की फोटो वायरल होने के बाद अच्छी खासी फजीहत हो गयी थी. इसलिए अब उन्होंने कहा कि मैंने फैसला लिया है मैं एक साल तक किसी भी सार्वजनिक भोज के कार्यक्रम में नहीं जाऊंगा और न ही भोज करूंगा. मैंने अपनी अंतरात्मा से फैसला लिया है.सिंधिया जी का हो शिवराज जी का हो या किसी और की तरफ भी भोज का आमंत्रण हो मैं वहां नहीं जाऊंगा. इसलिए मैं आज प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा के कार्यक्रम में भी नहीं गया. उन्होंने कहा विपक्ष ने मंत्री अरविंद भदौरिया के बंगले पर वसंत पंचमी के दिन कार्यक्रम में भोज करने का फोटो वायरल किया था. विपक्ष ने मुद्दा बनाया था. मेरा मजाक उड़ाया गया था इसलिए मैंने ये फैसला किया है.
राज्य परिवहन निगम पर होगा विचार
ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर गोविंद सिंह राजपूत ने कहा राज्य परिवहन निगम को दोबारा शुरू करने पर विचार किया जा रहा है. सीएम शिवराज सिंह चौहान के सामने ये विचार रखूंगा. अब इस पर सीएम फैसला लेंगे कि पुरानी व्यवस्था राज्य परिवहन निगम को शुरू करना है या फिर नहीं.
अपने नेता स्व. माधवराव का अनुसरण करें राजपूत
परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के एक साल तक भोज में शामिल न होने के ऐलान पर कांग्रेस नेता भूपेंद्र गुप्ता ने कहा अब गोविंद राजपूत को अपने नेता स्व.माधवराव सिंधिया का अनुसरण करना चाहिये. उन्हें भी मंत्री पद से इस्तीफा देकर पश्चाताप करना चाहिए.सीधी हादसे के बाद उस समय परिवहन मंत्री को मौके पर जाना चाहिए था.