अहमदाबाद: भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच जारी तीसरे टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया (Team India) ने अंग्रेजों के खिलाफ जबरदस्त खेल दिया था. जो रूट (Joe Root) की टीम अपने टेस्ट इतिहास के चौथे सबसे न्यूनतम स्कोर पर ऑल आउट हो गई.
अक्षर पटेल (Axar Patel) और रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) की बलखाती गेंदों के सहारे इंग्लैंड को 112 रन पर समेटने के बाद भारत ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की नाबाद फिफ्टी की मदद से मैच की पहली पारी में मजबूत बढ़त हासिल करने की तरफ कदम बढ़ाए.
That’s Stumps on Day 1 of the third @Paytm #INDvENG #PinkBallTest! @ImRo45 5⃣7⃣*@imVkohli 2⃣7⃣@ajinkyarahane88 1⃣*#TeamIndia 99/3 & trail England by 13 runs.
Scorecard https://t.co/9HjQB6TZyX pic.twitter.com/P4ziSw1mzz
— BCCI (@BCCI) February 24, 2021
अक्षर पटेल (Axar Patel) ने इस डे-नाइट टेस्ट (Day-Night) मैच के पहले दिन अपना बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 38 रन देकर 6 विकेट लिए जबकि अश्विन ने 26 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. एक विकेट इशांत शर्मा को मिला जो अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं. इंग्लैंड के सिर्फ 4 बल्लेबाज दहाई अंक तक पहुंचे.
भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट पर 99 रन बनाये हैं और अब वो इंग्लैंड से महज 13 रन पीछे है. स्टंप्स के वक्त रोहित 57 और अजिंक्य रहाणे 1 रन पर खेल रहे थे.कप्तान विराट कोहली (27) खेल खत्म होने से पहले आउट हुए. रोहित और कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े.
शुभमन गिल (11) ने जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड के सामने कड़ी परीक्षा दी लेकिन उन्होंने जोफ्रा आर्चर की शार्ट पिच गेंद को पुल करने के प्रयास में हवा में गेंद लहरा दी. स्पिनर जैक लीच ने इसके तुरंत बाद चेतेश्वर पुजारा को डक आउट करके इंग्लैंड के खेमे में खुशियां भर दी.
रोहित ने शुरू में संभलकर खेलने के बाद कुछ बेहतरीन शॉट लगाए और टेस्ट मैचों में अपना 12वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया. कोहली जब 24 रन पर थे तब ओली पोप ने उनका आसान कैच छोड़ा लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और लीच की गेंद अपने विकेटों पर खेल गए.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिएउतरे इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने अपने विकेट बचाये रखने को जरूरत से ज्यादा तरजीह देकर भारतीय स्पिनरों को हावी होने का मौका दिया. इशांत ने शानदार शुरुआत की और अच्छी लाइन व लेंथ से की गई गेंद पर डोम सिब्ली (शून्य) को दूसरी स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया.
कोहली ने 7वें ओवर में ही अक्षर को गेंद सौंपी और उन्होंने अपनी पहली गेंद पर ही जॉनी बेयरस्टॉ (0) को आउट कर दिया. क्रॉउली ने इस बीच गुलाबी गेंद से बल्लेबाजी के लिए बेस्ट माने जाने वाले सेशन में आक्रामक रवैया अपनाया और कुछ खूबसूरत ड्राइव और फ्लिक शॉट से रन बटोरे.
इसके बाद अश्विन के गेंद थामते ही क्रॉउली और जो रूट (17) दोनों को परेशानी होने लगी. क्रॉउली को विवादास्पद अंपायर कॉल के कारण जीवनदान मिला लेकिन रूट के मामले में स्थिति साफ थी. उन्होंने अश्विन की एलबीडब्ल्यू की सफल अपील पर डीआरएस भी गंवाया.
दूसरे सेशन में भी कहानी में कोई बदलाव नहीं हुआ.अश्विन ने चाय के बाद पहले ओवर में ही ओली पोप (एक) के ऑफ स्टंप की गिल्ली को गिराया तो अक्षर ने अगले ओवर में बेन स्टोक्स को आउट किया. इसके बाद जोफ्रा आर्चर (11) की बारी थी जो अक्षर की टर्न लेती गेंद पर गच्चा खा गए.
A five-wicket haul in his debut Test
A five-wicket haul in his second TestAxar Patel pic.twitter.com/p88tgQzHx9
— ICC (@ICC) February 24, 2021
पुजारा ने लीचका दूसरी स्लिप में अपनी दाईं तरफ काफी नीचा कैच लेकर अश्विन को टेस्ट मैचों में 397वां विकेट दिलाया जबकि पटेल ने ब्रॉड के रूप में पारी का अपना 5वां विकेट लिया. बुमराह ने डीप स्क्वायर लेग पर कैच लेकर इसमें अपना योगदान दिया. पटेल ने बेन फॉक्स (12) को आउट करके इंग्लैंड की पारी का अंत किया.
4 मैचों की टेस्ट सीरीज अभी 1-1 से बराबर है. इंग्लैंड ने चेन्नई में पहला टेस्ट मैच 227 रन से जीता था तो भारत ने उसी वेन्यू पर दूसरा मैच 317 रन से जीतकर सीरीज बराबर की थी. टीम इंडिया की कोशिश होगी कि अहमदाबाद में दोनों मैच जीतकर आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई जाए.