IND VS ENG: मोटेरा के पिच की शिकायत नहीं करेगा इंग्लैंड (फोटो-पीटीआई)
मोटेरा की पिच (Motera Pitch Controversy) पर महज दो दिन में खत्म हो गया था तीसरा टेस्ट, इंग्लैंड को 10 विकेट से मिली थी हार, जिसके बाद पिच पर काफी सवाल खड़े किये गए.
सिल्वरवुड ने वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘पहली बात तो जो रूट ने जो कल कहा कि उन्हें आठ रन देकर पांच विकेट मिल गये लेकिन साथ ही पिच ने जो कुछ किया या नहीं किया, भारत निश्चित रूप से उसी सतह पर हमसे बेहतर खेला, शायद हम ऐसी मुश्किलों में फंस गये जिसका हमारे खिलाड़ियों ने पहले अनुभव नहीं किया था. ‘ उन्होंने कहा, ‘हमें उम्मीद थी कि विकेट थोड़ा और देर तक अच्छा रहेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ. ‘
इंग्लैंड नहीं करेगा शिकायत!
इंग्लैंड के हेड कोच सिल्वरवुड से जब पूछा गया कि क्या उनकी टीम आईसीसी के समक्ष अधिकारिक शिकायत दर्ज करेगी तो उन्होंने कहा, ‘देखिये, हम निश्चित रूप से कुछ चीजों के बारे में चर्चा कर रहे हैं, लेकिन साथ ही, हम वास्तव में इस बात से भी निराश थे कि हम हार गये और मैच के तीन दिन बचे थे. लेकिन दुर्भाग्य से मैच खत्म हो गया. ‘ उन्होंने कहा, ‘इसलिये मेरे विचार से अब हम अगले मैच की ओर बढ़ रहे हैं और हम इसकी भरपायी किस तरह करते हैं. हम इसके लिये सुनिश्चित कर सकते हैं कि हम चुनौती पेश करते हुए श्रृंखला को ड्रॉ करायें. ‘ अंतिम टेस्ट चार मार्च से शुरू होगा.यह पूछने पर कि क्या चर्चायें चल रही हैं तो कोच ने कहा, ‘हमने जवागल (श्रीनाथ, मैच रैफरी) से बात की है लेकिन यह पिच के बारे में नहीं थी. मुझे लगता है कि जो (रूट) और मैं इसके बारे में सचमुच बात करेंगे और देखेंगे कि यह कैसी रहती है. ‘ उन्होंने कहा, ‘हमें स्वीकार करना होगा कि हमें इन पिचों पर बेहतर होना होगा, ऐसी चीजें हैं जिसमें हम सुधार कर सकते हैं. आप पहली पारी को देखिये, हमारे पास ज्यादा रन बनाने और इस पिच का बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने का मौका था. ‘