Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
हार्ट, डायबिटीज, बीपी सहित 20 बीमारियों वाले मरीज भी लगवाएंगे टीका। फाइल फोटो
- वैक्सीनेशन का दूसरा चरण- प्रदेश में 186, देश में 30 हजार सेंटर पर टीकाकरण
देश और प्रदेश में कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो रहा है। इसमें 60 साल से अधिक उम्र के और हार्ट, डायबिटीज, बीपी सहित 20 तरह की गंभीर बीमारियों के 45 से 59 साल की उम्र के मरीजों को टीका लगाया जाएगा। प्रदेश में 60 से अधिक उम्र के 71 लाख 62 हजार बुजुर्ग हैं। इन्हें फोटो युक्त पहचान पत्र तो बीमार लोगों को किसी डॉक्टर से जारी प्रमाण पत्र वैक्सीनेशन सेंटर साथ ले जाना होगा।
मप्र को इस चरण के लिए 16 लाख 63 हजार डोज केंद्र सरकार से मिली हैं। स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी के मुताबिक एक जनवरी 2022 की स्थिति में जो भी 60 वर्ष या 45 से 59 वर्ष का होगा, वह वैक्सीनेशन के लिए पात्र माना जाएगा। पहले हफ्ते में 3, 4 और 6 मार्च को भी वैक्सीन लगेगी। सरकारी सेंटर पर वैक्सीन नि:शुल्क तो प्राइवेट पर 250 रु. में लगेगी। मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री से जब पूछा गया कि भोपाल और इंदौर में फिर कोविड के केस क्यों बढ़ने लगे तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया।
हार्ट, डायबिटीज, बीपी सहित 20 बीमारियों वाले मरीज भी लगवाएंगे टीका, फोटो पहचान पत्र और डॉक्टर का सर्टिफिकेट दिखाना होगा प्रदेश में 186 सरकारी सेंटर हैं। इनमें 51 जिला अस्पताल, 84 सिविल, 13 शासकीय, 3 निजी महाविद्यालय, 35 निजी अस्पताल शामिल हैं। आयुष्मान योजना से जुड़े उन सभी निजी अस्पतालों में वैक्सीनेशन शुरू होगा, जहां कोल्ड चेन की व्यवस्था है।
भोपाल में 17 सेंटर, इनमें से तीन में लगेंगे 500 टीके
भोपाल में दूसरे चरण का वैक्सीनेशन 17 सेंटर पर होगा। इनमें नौ सरकारी और 8 निजी संस्थान हैं। हमीदिया, एम्स, जेपी अस्पताल और पांच निजी मेडिकल कॉलेज में 500-500 टीके लगेंगे, जबकि बीएमएचआरसी, पुलिस अस्पताल, कस्तूरबा, ईएसआई, बैरागढ़ सिविल अस्पताल एवं तीन प्राइवेट अस्पतालों में 250-250 टीके लगाए जाएंगे। ऐसे हेल्थ और फ्रंट लाइन वर्कर्स जिनका पहले चरण में रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ था, वो टीकाकरण केंद्र पर रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश अहिरवार के मुताबिक लोग सीधे टीकाकरण केंद्र पर जाकर भी रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
ग्वालियर-चंबल अंचल में 32 सेंटर पर 12.45 लाख को लगेंगे टीके
ग्वालियर-चंबल संभाग के ग्वालियर, शिवपुरी, अशोक नगर, गुना, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर में 60 साल के ऊपर के 12.45 लाख लोगों को टीके लगाए जाएंगे। वहीं भोपाल में दूसरे चरण का वैक्सीनेशन 17 सेंटर पर होगा। इनमें नौ सरकारी और 8 निजी संस्थान हैं। हमीदिया, एम्स, जेपी अस्पताल और पांच निजी मेडिकल कॉलेज में 500-500 टीके लगेंगे। ऐसे हेल्थ और फ्रंट लाइन वर्कर्स जिनका पहले चरण में रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ था, वो टीकाकरण केंद्र पर रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश अहिरवार के मुताबिक लोग सीधे टीकाकरण केंद्र पर जाकर भी रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
आज सुबह 9 बजे से शुरू होगा को-विन 2.0 पर रजिस्ट्रेशन
को-विन 2.0 एप/पोर्टल पर सोमवार सुबह 9 बजे से रजिस्ट्रेशन हाेगा। देश में 10 हजार सरकारी अस्पतालों में मुफ्त टीका लगेगा, 20 हजार निजी अस्पतालों 250 रुपए प्रति डोज देने होंगे। बिहार में निजी अस्पतालाें में भी टीका फ्री में लगेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोई भी पात्र व्यक्ति टीका लगवाने के लिए कहीं से भी और किसी भी समय रजिस्ट्रेशन करा सकता है। दोपहर तीन बजे तक टीका लगेगा। आरोग्य सेतु एप पर भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। एक मोबाइल नंबर से चार लोगों के रजिस्ट्रेशन होंगे, लेकिन फोटो पहचान पत्र अलग-अलग होना चाहिए।