इस मैच में सचिन तेंदुलकर ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली थी. (फोटो साभार -Getty)
On This Day In 1992: भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे वर्ल्ड कप में अब तक सात बार भिड़ंत हो चुकी है और हर बार पाक को मुंह की खानी पड़ी है.
1992 में पाकिस्तान ने फाइनल में इंग्लैंड को 22 रनों से हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था. पाकिस्तान टीम की अगुवाई इमरान खान कर रहे थे. यह टीम जावेद मियांदाद, वसीम अकरम, इंजमाम उल हक, आकिब जावेद और आमिर सोहैल जैसे सितारों से सजी थी. वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम में सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद अजहरूद्दीन, विनोद कांबली, अजय जडेजा और जवागल श्रीनाथ जैसे युवा खिलाड़ियों से सजी हुई थी.
भारत ने की पहले बल्लेबाजी
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में सात विकेट खोकर 216 रन बनाए थे. भारतीय टीम की ओर से के श्रीकांत और अजय जडेजा ओपनिंग के लिए उतरे. दोनों ने पहले विकेट के लिए 25 रन जोड़े और इस साझेदारी को 10वें ओवर में पाकिस्तानी तेज गेंदबाज आकिब जावेद ने तोड़ा. इसके बाद तीसरे नंबर पर कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन उतरे. अजहर ने दूसरे विकेट के लिए जडेजा के साथ 61 रन जोड़े. अजहर 32 रन बनाकर आउट हुए और उसके बाद जडेजा भी क्रीज पर ज्यादा देर नहीं टिक सके. जडेजा ने 77 गेंदों में दो चौकों की मदद से 46 रनों की पारी खेली.सचिन ने जड़ा शानदार अर्धशतक
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का यह पहला वर्ल्ड कप था. इस मैच में सचिन ने भारतीय टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए. उस समय सिर्फ 29 साल के सचिन 54 रन पर आखिर तक नाबाद रहे. उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए. इसके अलावा कपिल देव ने 26 गेंदों में दो चौके और एक छक्के बदौलत 35 रन बनाए. पाकिस्तान की ओर से मुश्ताक अहमद ने तीन जबकि आकिब जावेद ने दो विकेट चटकाया. वहीं वसीम हैदर को एक विकेट मिला.
कपिल ने दिलाई भारत को शानदार शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. कपिल देव ने तीसरे ओवर में ही पाक के सलामी बल्लेबाज इंजमाम उल हक को दो रन पर आउट कर दिया. उसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे जाहिद फजल भी कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ दो बनाकर मनोज प्रभाकर की गेंद पर चलते बने. तीसरे विकेट के लिए आमिर सोहैल और जावेद मियांदाद ने 88 रन जोड़े. एक समय लग रहा था कि पाकिस्तान टीम आसानी से जीत हासिल कर लेगी लेकिन तभी सचिन ने सोहैल को 62 रन के निजी स्कोर पर पगबाधा कर दिया. इसके बाद पाकिस्तानी टीम सिर्फ 173 रनों पर सिमट गई. सचिन ने इस मैच में 10 ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया था. उनके अलावा कपिल देव, मनोज प्रभाकर और जवागल श्रीनाथ ने दो-दो विकेट लिए जबकि एक विकेट वेंकटपति राजू को मिला.
यह भी पढ़ें:
कीरोन पोलार्ड ने 6 गेंदों में जड़े 6 छक्के, युवराज सिंह के रिकॉर्ड की बराबरी की
T20 रैंकिंग: लोकेश राहुल दूसरे स्थान पर बरकरार, विराट कोहली को एक स्थान का फायदा
मोरे-मियांदाद में हुई नोंकझोंक
इस ऐतिहासिक मैच में भारतीय विकेटकीपर किरन मोरे और पाक बल्लेबाज जावेद मियांदाद के बीच हुई झड़प ने काफी सुर्खिया बटोरी थीं. मोरे और मियांदाद की नोंकझोंक हर किसी के जहन में आज भी ताजा है. इस मुकाबले में मोरे लगातार अपील कर रहे थे जिसके बाद जावेद मियांदाद ने परेशान होकर अचानक पिच पर उछलना शुरू कर दिया था.