Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इसी रेत के अवैध कारोबार को लेकर हुए विवाद में चली गोलियां और एक की मौत हो गई
- अमायन में गुरुवार- शुक्रवार दरमियानी रात हुआ विवाद और हत्या
- रेत को लेकर अक्सर होते हैं झगड़े
- ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरी रेत बताई जा रही है अवैध
चंबल की रेत के अवैध कारोबार में गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात अमायन इलाके में रेत कारोबारी और ठेकेदार आमने-सामने आ गए। रायल्टी के लिए बनाए गए चेक पोस्ट पर झगड़ा हुआ और सुरक्षा कर्मियों ने गोलीबारी कर दी। इसमें गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही अमायन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थित को संभाला। तत्काल शव को उठाकर अस्पताल पहुंचाया है। साथ ही पॉवर मेक कंपनी के कर्मचारियों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में चंबल की रेत भरी होने का पता लगा है। लगातार चंबल की रेत खूनी होती जा रही है। आए दिन विवाद और हत्याएं हो रही हैं।
भिंड के मेहगांव पुरानी बस्ती निवासी 29 वर्षीय रॉकी गुजर्तर पुत्र मजबूत सिंह गुर्जर रेत का काम करता है। गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत लेकर अमायन की तरफ आ रहा था। रेत का ठेका पॉवर मेक कंपनी पर है। अमानय में गहेली मढ़ेपुरा रोड पर कंपनी की ओर से चेक पोस्ट बनाया गया है। यह चेक पोस्ट यहां से गुजरने वाली रेत की गाड़ियों से रॉयल्टी वसूलती है। जब रॉकी गाड़ी लेकर पहुंचा तो उसका कंपनी के कर्मचारियों से विवाद हो गया। रॉकी के साथ उसका दोस्त समरथ सिंह पुत्र अर्जुन सिंह तोमर निवासी गोरमी रोड भी था। जब रेत लेकर रॉकी और उसका दोस्त यहां गुजरे तो कंपनी के कर्मचारी बलदेव सिंह राजपूत ग्राम मेहरा और प्रदीप गुर्जर निवासी ग्राम छेकरी ने उन्हें रोक लिया। यहां रॉयल्टी रसीद को लेकर रॉकी और पॉवर मेक कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। जब रेत कारोबार करने वालों ने जबरिया ट्रैक्टर ट्रॉली निकालने का प्रयास किया तो पॉवर मेक कंपनी के कर्मचारी बलदेव सिंह और प्रदीप ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें रॉकी गुर्जर को गोली लगी और मौके ही पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद वहां तनाव फैल गई। अन्य रेत का काम करने वाले एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही अमायन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और शव को वहां से हटाया। इसके बाद पॉवर मेक कंपनी के दोनों कर्मचारियों पर मामला दर्ज कर लिया है।
लगातार हो रहे हैं विवाद, हमले
चंबल की रेत लगातार खूनी होती जा रही है। पिछले कुछ महीने में लगातार गोलीबारी और हत्याएं हो चुकी है। इस अमायन पोस्ट पर गोलीबारी आम घटना हो चुकी है। मृतक रॉकी के ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरी रेत भी चंबल की अवैध उत्खनन की रेत बताई जा रही है। हालांकि पुलिस इसकी जांच कर रही है।