- Hindi News
- Local
- Mp
- Sagar
- A Committee Will Now Operate Only One Ration Shop, Action Will Be Taken On Receipt Of Non standard Grains
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
सागर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
खाद्य विभाग के पीएस ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
- खाद्य विभाग के प्रमुख सचिव फैज अहमद किदवई ने कलेक्टर कार्यालय में ली अधिकारियों की बैठक
अब एक समिति ही एक राशन दुकान का संचालन करेगी। किसी भी स्थिति में अमानक अनाज उचित मूल्य दुकानों पर न पहुंच पाए। अन्यथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रमुख सचिव फैज अहमद किदवई ने शुक्रवार को खाद्य एवं रबी उपार्जन की समीक्षा बैठक में दिए।
उन्होंने कहा उचित मूल्य दुकानों में भंडारण क्षमता के अनुसार स्थान और सुविधाएं सुनिश्चित की जाए। नए परिवारों का सत्यापन व शेष रह गई पात्रता पर्चियों का वितरण जल्द किया जाए। संभाग में 55 लाख 27 हजार 788 आधार सीडिंग का कार्य होना है, जिसे 15 दिन में पूरा किया जाए। उन्होंने अन्न उत्सव हर माह मनाने के निर्देश दिए हैं।
625 केन्द्र और 219 गोदाम बनाए
कमिश्नर मुकेश शुक्ला ने बताया, रबी उपार्जन के लिए इस वर्ष कुल 625 केन्द्र और 219 गोदाम बनाए गए हैं। पीएस किदवई ने कहा कि कम से कम दस प्रतिशत उपार्जन केन्द्र स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित किए जाएं। राजस्व व कृषि अमला पंजीकृत रकबे का सटीक सत्यापन करें। लॉकडाउन अवधि में बनाए गए केन्द्रों की संख्या में परिवर्तन न हो। किसान द्वारा बताई गई तीन तारीखों में से ही किसी तिथि पर SMS किया जाए। SMS में तारीख, विक्रय योग्य मात्रा, उपार्जन केन्द्र का कोड व नाम की जानकारी हो।
एक केन्द्र पर 3 से 5 हजार मीट्रिक टन की हो खरीदी
बैठक में पीएस किदवई ने कहा, सामान्यतः केन्द्र पर तीन से पांच हजार मीट्रिक टन मात्रा का उपार्जन किया जाए। इससे कम उपार्जन की संभावना होने पर आय-व्यय आंकलित कर केन्द्र प्रस्तावित हो। किसी भी केन्द्र का समानांतर उपकेन्द्र नहीं खोला जाए। खरीदी में 50 प्रतिशत तक की कमी व वृद्धि संचालक खाद्य द्वारा की जा सकेगी। उपार्जन केन्द्र पंचायतों के केन्द्र में हो जिससे किसानों को 25 किलोमीटर से अधिक दूरी तय ना करना पड़े।
बैठक में संचालक खाद्य तरुण पिथोड़े, प्रबंध संचालक नागरिक आपूर्ति निगम अभिजीत अग्रवाल, महाप्रबंधक उपार्जन केके श्रीवास्तव, रीजनल मैनेजर पवन अरमोती, कलेक्टर दीपक सिंह समेत अन्य जिलों के कलेक्टर एवं खाद्य अधिकारी मौजूद रहे।