रवि शास्त्री ने पिच मुद्दे पर कह दी बड़ी बात (PIC: AP)
अहमदाबाद में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान पिच पर काफी चर्चा हुई थी लेकिन चौथे टेस्ट जीतने के बाद भारतीय कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) ने मोटेरा के मैदानकर्मियों को सलाम किया.
इंग्लैंड को स्पिनरों के लिये फायदेमंद पिच पर खेलने में परेशानी हुई जबकि भारत ने अहमदाबाद में तीसरे और चौथे टेस्ट में जीत हासिल कर जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिये क्वालीफाई किया. इंग्लैंड को दूसरी पारी में 135 रन पर समेटकर चौथे टेस्ट में यहां पारी और 25 रन की जीत के बाद शास्त्री ने कहा, ‘मैं इसे मैदानकर्मियों को समर्पित करूंगा. मुझे लगता है कि आशीष भौमिक एक शानदार मैदानकर्मी हैं, वह अपना काम जानते हैं. वह दलजीत सिंह के साथ काम कर चुके हैं जो मास्टर क्यूरेटर हैं. ‘
ऐसी पिच की शिकायत कौन करेगा?
कोच शास्त्री ने कहा, ‘कौन इस पिच की शिकायत करेगा? इस पर शानदार मनोरंजन हुआ, दोनों टीमों के लिये और खेल के लिये. साथ ही 3-1 के नतीजे से पता नहीं चलता कि यह श्रृंखला कितनी करीब थी. ‘ शास्त्री ने टीम के विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में जगह बनाने के लिये प्रशंसा की जबकि पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने क्वालीफिकेशन के मानदंड में बदलाव किया था.IND VS ENG: पहले टेस्ट मैच में हार के बावजूद 3-1 से सीरीज जीता भारत, ये रहे जीत के 5 हीरो
शास्त्री ने कहा, ‘हमारे लिये विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में तालिका में शीर्ष पर रहना ढाई साल की मेहनत है और उन वर्षों में सफल होने के लिये इससे पहले छह साल की मेहनत है. ‘ उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ियों ने एक बार में एक ही श्रृंखला पर ध्यान दिया और वे विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के बारे में ज्यादा परेशान नहीं थे क्योंकि ‘गोल पोस्ट’ हर बार शिफ्ट हो जाता था. ‘ शास्त्री ने कहा, ‘हम तालिका में शीर्ष पर चल रहे थे और कुछ नियमों में बदलाव के बाद प्रतिशत प्रणाली आ गयी, जब हम खेल भी नहीं रहे थे. लेकिन कोई बात नहीं, फिर भी हमें 520 अंक मिले, हम तालिका में शीर्ष पर रहने और फाइनल खेलने के हकदार हैं. ‘