Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
अशोकनगर18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
इस स्वरूप में बनेगी प्रतिमा।
- सबसे ऊंची हनुमान प्रतिमा बनाने के लिए लोगों ने हामी भरी और 10 मिनट में 30 लाख रुपए एकत्रित हो गए
अब तक ऐतिहासिक नगरी चंदेरी व मुंगावली के नाम से पहचाने जाने वाले अशोकनगर की पहचान अब जल्द सबसे ऊंची हनुमान प्रतिमा के रूप में होने लगेगी। आने वाले 8-10 माह में तुलसी सरोवर पार्क के पास 100 टन वजनी 108 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा स्थापित हो जाएगी। जो मप्र की पहली इतनी बड़ी हनुमान प्रतिमा रहेगी।
इसको लेकर रविवार को रेस्ट हाउस में शहर के प्रबुद्धजनों की बैठक हुई। सबसे ऊंची हनुमान प्रतिमा बनाने के लिए लोगों ने हामी भरी और 10 मिनट में 30 लाख रुपए एकत्रित हो गए। इधर, ग्वालियर के मूर्तिकार को शहर के प्रबुद्धजनों ने प्रतिमा निर्माण का ऑर्डर भी कर दिया। कलाकार ने अगले 8-10 माह में प्रतिमा स्थापित कराने का भरोसा दिलाया है।
मूर्तिकार प्रभात राय ने बताया कि प्रतिमा मेटल कोटेड फाइबर, रेजिन मेटल का चूरा, मैट कैटीज व अन्य सामग्री मिलाकर बनाएंगे। ज्ञात रहे 108 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा फिलहाल मप्र में कहीं भी नहीं है। अभी सिर्फ छिंदवाड़ा में 101 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा है। वहीं इंदौर में 71 फीट ऊंची बैठी मुद्रा में हनुमान प्रतिमा है। ऐसे में अशोकनगर को अलग पहचान मिलेगी।
पूरी राशि जन सहयोग से ही जुटाई जाएगी
मप्र की एकमात्र व देश की 5वीं 108 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा के निर्माण पर ही करीब सवा करोड़ रुपए खर्च होंगे। समीप के स्ट्रक्चर सहित गार्डनिंग आदि मिलाकर करीब 2 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए पहले ही दिन से जन सहयोग जुटाने की तैयारी शुरू हो गई। इस दौरान विधायक जजपालसिंह जज्जी, सुनील अग्रवाल, शरद गुपता, हरिओम शर्मा, प्रताप भानसिंह यादव, भारतभूषण अग्रवाल, राहुल गुप्ता, अभिषेक खेरा, बबलू यादव, डॉ. जयमंडलसिंह यादव, हरिवीरसिंह रघुवंशी, बंटी रघुवंशी मौजूद थे।
2 घंटे चली बैठक
हनुमान प्रतिमा निर्माण को लेकर दोपहर करीब एक बजे से रेस्ट हाऊस में शुरू हुई बैठक करीब 2 घंटे चली। इस दौरान विधायक जजपालसिंह जज्जी ने पहले प्रतिमा स्थापित करने की रूपरेखा बताई।
देशभर में ऊंचाई वालीं 10 हनुमान प्रतिमाएं
1. पंजाब : अमृतसर के रामतीर्थ मंदिर में स्थापित है। मूर्ति की ऊंचाई 24.5 मीटर (80 फीट) है।
2. मप्र : छिंदवाड़ा जिले के सिमरियाकलां में हनुमानजी की प्रतिमा 101 फीट
ऊंची है।
3. महाराष्ट्र : बुलढाणा जिले के ग्राम नंदुरा में हनुमानजी की विशालकाय मूर्ति की लंबाई 32 मीटर (करीब 105 फीट) है।
4. दिल्ली : करोलबाग मेट्रो स्टेशन के पास बनी हनुमानजी की 108 फीट ऊंची यह दुनिया की सबसे बड़ी स्वचालित
प्रतिमा है।
5. हिमाचल : शिमला के जाखू मंदिर में हनुमानजी की विशालकाय 33 मीटर ऊंची (108 फीट) है। सोलन के सुल्तानपुर स्थित लाडो गांव में मानव भारती यूनिवर्सिटी के परिसर में हनुमानजी की सबसे ऊंची 151 फीट ऊंची प्रतिमा है।
6. आंधप्रदेश : विजयवाड़ा के पास परिटाला शहर में वीरा अभया अंजनया हनुमान मंदिर है। यहां 41 मीटर (135 फीट) ऊंची प्रतिमा है।
8. मप्र : इंदौर के पितृ पर्वत पर स्थापित पितेृश्वर हनुमानजी की बैठी मुद्रा में 71 फीट ऊंची प्रतिमा है।
9. आंध्रप्रदेश : श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा मंडल में विराजित हनुमान मूर्ति की ऊंचाई 175 फीट से ऊंची है।
10. हरियाणा : फरीदाबाद-गुड़गांव रोड स्थित त्रिवेणी हनुमान मंदिर में 108 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा है।