Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर3 घंटे पहले
फूलबाग के गांधी पार्क के बाहर से बाइक चोरी कर भागे दो चोर पकड़े।
- पड़ाव थाना पुलिस कर रही है पूछताछ, UP जालौन की है गैंग, दो सदस्य हिरासत में
गांधी पार्क के सामने से बाइक चोरी कर भाग रहे दो वाहन चोरों को 100 मीटर तक पीछा कर पकड़ लिया गया। लोगों ने पकड़े गए वाहन चोरों की जमकर पिटाई की। घटना बुधवार शाम मोतीमहल की है। सूचना मिलते ही DIAL 100 मौके पर पहुंची। इसके बाद बदमाशों को पड़ाव थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
उपनगर ग्वालियर निवासी देवेंद्र गौड़ बुधवार दोपहर पत्नी को डॉक्टर के पास चेकअप कराने आए थे। डॉक्टर के यहां समय लग रहा था, इसलिए वह गांधी पार्क फूलबाग में आकर बैठ गए। बाइक बाहर खड़ी कर दी। पार्क के अंदर जाने के बाद करीब 10 मिनट बाद वह बाहर आए, तो देखा कि दो युवक उनकी बाइक को स्टार्ट कर रहे थे। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन युवकों ने बाइक स्टार्ट की और भाग गए। इस पर देवेन्द्र ने शोर मचाया, तो आसपास कई लोग एकत्रित हो गए।
लोगों ने वाहन चोरों का पीछा किया। पार्क से करीब 100 मीटर दूर लोगों ने मोतीमहल में बैजाताल के पास आरोपियों को घेर लिया। इसके बाद आरोपियों की धुनाई की। सूचना पर DIAL 100 मौके पर पहुंची। दोनों को पकड़कर पड़ाव थाना लेकर पहुंची। आरोपियों की पहचान नीरज सोनी व राजेश निवासी जालौन यूपी के रूप में हुई है।
हो सकता है कई वारदातों का खुलासा
पकड़े गए वाहन चोरों से पुलिस पूछताछ कर रही है। शहर में हर दिन 4 से 5 दोपहिया वाहन चोरी हो रहे हैं। पुलिस को आशंका है, शहर में वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा उनसे हो सकता है।