Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
खरगोन16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
पिछले दिनों विधानसभा सत्र के दौरान ही डॉ साधौ ने अन्य विधायकों के साथ भोजन किया था।
- अपने संपर्क में आए लोगों से जांच कराने को कहा, विधायक जोशी भी थे संपर्क में
- सोशल मीडिया के माध्यम से साधौ ने दी जानकारी
प्रदेश की पूर्व मंत्री व महेश्वर विधायक डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ कोरोना संक्रमित हो गई है। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से संक्रमित होने की जानकारी दी है। साथ ही अपने साथ रहे लोगों को भी जांच कराने को कहा है।
पूर्व मंत्री के साथ खरगोन विधायक रवि जोशी, विधायक झूमा सोलंकी, विधायक ग्यारसीलाल रावत, पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा, विधायक विशाल पटेल के साथ पिछले दिनों विधानसभा सत्र में भोजन किया था। डॉ. साधौ ने मंगलवार को 30 मिनट तक विधानसभा सत्र में मेडिकल कॉलेज हटाने, अवैध रेत उत्खनन, अवैध शराब पर चर्चा की। यहां सत्र खत्म होने के बाद वह अपने रूम में गई। रात 1.30 बजे तेज बुखार आया। सुबह 10 बजे उन्होंने रैपिड टेस्ट कराया।
इसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद हमीदिया अस्पताल पहुंचकर सैंपल दिए। साथ ही सीटी स्कैन भी कराया। इसके बाद होम क्वारेंटाइन हो गई। डॉ. साधौ ने बताया कि फिलहाल स्वास्थ्य ठीक है। तेज बुखार आता है। विधानसभा सत्र में मेरे साथ रहने वाले लोग अपनी जांच कराएं। इससे अपनी व अपने परिवार को सुरक्षित रखे। इसके पहले डॉ. साधौ ने महेश्वर विधानसभा में कार्यक्रमों में भी भाग लिया था।
सत्र छोड़कर एक दिन के लिए खरगोन आए थे जोशी
सत्र में एक दिन के अवकाश के कारण रात में विधायक रवि जोशी खरगोन आए थे। यहां वे परिजनों के साथ ही अपने पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिले थे। एक दिन रुकने के बाद वे दोबारा भोपाल लौटे थे। उनके संपर्क में आने वाले लोग भी जांच करा रहे हैं। विधायक ने कहा कि डॉ. साधौ के संक्रमित होने के बाद साथ में रहे झूमा सोलंकी सहित पूर्व मंत्री जांच कराएंगे। साथ ही क्वारेंटाइन रहेंगे।
जिले में 24 घंटे में 19 लोग हुए कोरोना से संक्रमित
कोरोना लगातार बढ़ रहा है। लगातार तीसरे दिन मरीज बढ़ रहे हैं। बुधवार को जिले में 19 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। साथ ही 10 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। इस तरह जिले में कोरोना से संक्रमित कुल 5609 मरीज है। इसमें 5423 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। अब तक 110 लोगों की मौत हो चुकी है । 76 मरीज स्थिर है। पिछले 24 घंटे में 355 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
तीन दिन में 47 मरीज मिले
सोमवार को 13, मंगलवार को 15 व बुधवार को 19 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। डॉक्टरों की माने तो कोरोना रिटर्न हो गया है, क्योंकि जिले में लगातार तीसरे दिन मरीज बढ़ते जा रहे हैं। केवल तीन दिन में ही 47 मरीज मिल गए हैं।