अहमदाबाद: भारत और इंग्लैंड (India vs England 1st T20) के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज आज से होने जा रहा है. पहला टी-20 मुकाबला आज शाम 7 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. टेस्ट सीरीज पर 3-1 से कब्जा करने के बाद अब टीम इंडिया का मकसद टी-20 सीरीज में भी जीत हासिल करना है. आइए एक नजर डालते हैं कि इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में कौन से 5 भारतीय खिलाड़ी मैच विनर साबित हो सकते हैं.
विराट कोहली
पहले टी-20 मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली धमाका करने के लिए तैयार हैं. टेस्ट सीरीज में विराट कोहली का बल्ला खामोश रहा, लेकिन टी-20 में विराट कोहली बेहतर प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगे. विराट कोहली एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए मैदान पर उतरेंगे. विराट कोहली (Virat Kohli) अगर 72 रन और बना लेते हैं तो वह इतिहास रच देंगे. विराट कोहली (Virat Kohli) टी-20 इंटरनेशनल में 3000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या टी-20 के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल हैं, जो अकेले अपने ही दम पर भारत को मैच जिता सकते हैं. हार्दिक पांड्या नंबर 6 और ऑलराउंडर का रोल निभाने के लिए तैयार हैं. इंग्लैंड के खिलाफ हार्दिक पांड्या टेस्ट टीम में शामिल थे, लेकिन वह एक मैच में भी नहीं खेले थे. हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) मौजूदा समय में टीम के सबसे बड़े हिटर माने जाते हैं. हार्दिक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लिमिटेड ओवर सीरीज में भी शानदार प्रदर्शन किया था.
रोहित शर्मा
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में रोहित शर्मा का बल्ला आग उगलने के लिए तैयार हैं. हाल ही में खत्म हुई टेस्ट सीरीज में रोहित शर्मा ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 345 रन बनाए थे. रोहित शर्मा शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. हिटमैन रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के नाम टी20 क्रिकेट में 4 शतक हैं और वे ऐसा करने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं.
ऋषभ पंत
ऋषभ पंत शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. पंत विकेटकीपिंग के साथ नंबर 5 की जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं. इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में ऋषभ पंत के शतक की वजह से भारत मैच और सीरीज दोनों जीता था. टेस्ट सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कर ऋषभ पंत ने टी-20 के दरवाजे खटखटा दिए हैं. ऋषभ पंत अगर अपनी टेस्ट मैच वाली फॉर्म को बरकरार रखते हैं तो भारत को टी-20 में भी कई मैच जिता सकते हैं.
केएल राहुल
केएल राहुल (KL Rahul) टी-20 क्रिकेट में भारत के सबसे बड़े मैच विनर हैं. आईसीसी टी20 रैंकिंग में भी राहुल दूसरे पायदान पर हैं. बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल को रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग में उतारा जा सकता है.