- Hindi News
- Local
- Mp
- Jabalpur
- 15 year old Neighbor Fainted With A Stick On His Head, Thrown In A Small Boat In The Middle Of The Narmada Stream
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मासूम राजा उर्फ धनराज मल्लाह (10) की लाश 10वें दिन 25 किमी दूर नरसिंहपुर जिले में नर्मदा नदी में उतराती हुई मिली।
- बेलखेड़ा के जुगपुरा गांव की घटना, पांच मार्च की रात से गायब था मासूम
- पुलिस पिछले चार दिनों से एनडीआरएफ और होमगार्ड की टीम के साथ कर रही थी सर्चिंग
10 साल के मासूम की 15 वर्षीय पड़ोसी ने हत्या कर दी। मासूम की लाश 10वें दिन 25 किमी दूर नरसिंहपुर जिले में मुराच घाट के पास उतराती हुई मिली। आरोपी खुद पीड़ित परिवार और पुलिस वालों के साथ मिलकर मासूम को ढूंढने का नाटक करता रहा। बेलखेड़ा पुलिस ने अपहरण के मामले में हत्या की धारा 302 और शव छिपाने की धारा 201 भादवि बढ़ाते हुए आरोपी को किशोर न्यायालय बोर्ड में पेश कर रही है।
जानकारी के अनुसार जुगपुरा थाना बेलखेड़ा निवासी राजा उर्फ धनराज मल्लाह (10) बीते पांच मार्च की रात आठ बजे से गायब था। चार भाई-बहनों में वह तीसरे नंबर का था और तीसरी में पढ़ता था। पिता रामदास ने 6 मार्च को बेलखेड़ा थाने में उसके अपहरण का प्रकरण दर्ज कराया था। एसपी ने 10 मार्च को मासूम की दस्तयाबी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। तब से परिवार व गांव वालों के साथ पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
मासूम राजा की हत्या में पुलिस ने 15 वर्षीय पड़ोसी को गिरफ्तार कर किशोर न्याय बोर्ड में।
आरोपी ने अपने अपहरण का किया था नाटक, इस कारण आया संदेह में
पांच मार्च को राजा रात आठ बजे के लगभग घर से चाचा और 300 मीटर दूर रहने वाली नानी के घर जाने का बोलकर निकला था। रात 10 बजे तक नहीं लौटा तो परिवार वाले उसे तलाशने निकले। गांव के लोग भी उसे पूरी रात तलाशते रहे। खबर पाकर रात में ही बेलखेड़ा पुलिस भी गांव में पहुंच गई थी। उसी रात पड़ोस में रहने वाला 15 साल का किशोर घाट पर संदिग्ध हालत में मिला था। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। मुंह में टेप चिपका हुआ था। तब उसने अपने परिवार वाले और पुलिस को बताया था कि बदमाश उसे अगवा कर ले जा रहे थे। हालांकि पुलिस को उसकी कहानी पर विश्वास नहीं हुआ।
टॉवर लोकेशन को लेकर पुलिस ने संदेही से सख्ती दिखाते हुए पूछताछ की तो हत्या का खुलासा हुआ
इधर मासूम भी गायब था। उसकी हरकत ने पुलिस को उस पर संदेह की वजह पैदा कर दी। पुलिस ने सायबर सेल की मदद से उसके मोबाइल का टॉवर लोकेशन निकलवाया तो मालुम चला कि जब मासूम घर से निकला था। उसके बाद संदेही का मोबाइल का टॉवर लोकेशन भी जुगपुरा घाट पर था। वहां लगभग वह आधे घंटे रहा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती दिखाई। इसके बाद उसने राजा की हत्या की बात स्वीकार की।
हत्या की ये बताई वजह, बोला शव को नर्मदा के बीच धारा में फेंक दिया हूं
हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी 15 वर्षीय पड़ोसी ने बताया कि राजा की बहन के साथ उसकी बातचीत होती थी। राजा ने उनको साथ देख लिया था। इसके बाद वह घर में मां-पिता को बताने की बात कहकर ब्लैकमेल करने लगा था। कई बार उसे 100-200 रुपए वह दे चुका था। यहां तक कि वह उसका मोबाइल लेकर गेम खेलता रहता था। उसके ब्लैकमेलिंग से वह परेशान हो गया था। पांच मार्च की रात आठ बजे वह शौच के बहाने राजा को जुगपुरा घाट ले गया। वहां बांस के डंडे से सिर पर मारा तो वह बेहोश हो गया। फिर छोटी नाव में उसे रखा और नदी के बीच धारा में उसे फेंक कर घर चला आया। जब राजा की तलाश शुरू हुई तो वह भी गांव वालों के साथ उसे खोजने में लगा रहा। ताकि किसी को संदेह न हो।
एनडीआरएफ और होमगार्ड की चार टीमें मासूम राजा की तलाश में जुटी थी।
चार दिन से नर्मदा नदी में एनडीआरएफ व होमगार्ड की चार टीमें जुटी थीं मासूम की तलाश में
राजा के इस सनसनीखेज रस्योद्धाटन से पुलिस भी सन्न रह गई। पुलिस के सामने मुश्किल ये थी कि राजा का शव नहीं मिला था। इसके बाद एनडीआरएफ और होमगार्ड की चार टीमें गठित गई। चार दिन से चाराें टीमें जुगपुरा से नरसिंहपुर जिले की सीमा में पड़ने वाले नर्मदा घाटों तक सर्चिंग करते रहे। रविवार शाम को राजा की लाश नरसिंहपुर जिले के ठैमी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुराच घाट के पास मिली। शव बुरी तरह से फूल गई है। कपड़ों से उसकी पहचान हो पाई।
मां राधाबाई और परिवार के अन्य लोगों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल
राजा की लाश 10वें दिन 25 किमी दूर मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता रामदास उर्फ रामी मल्लाह और मां राधाबाई का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। पिछले 10 दिनों से बेटे की सलामती की उम्मीद में मां राधाबाई थी। पर बेटे की लाश मिलने की खबर कानों में पड़ते ही वह दहाड़ मारकर रोने लगी। राजा चार संतानों में तीसरे नंबर का था। 16 व 15 साल की दो बहनें उससे बड़ी हैं। जबकि एक तीन साल का छोटा भाई है।