Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
विक्टोरिया जिला अस्पताल के बाहर बीजेपी के हेल्प डेस्क का सांसद राकेश सिंह ने शनिवार को उद्धाटन किया।
- कांग्रेस का आरोप निकाय चुनाव से पहले बीजेपी का ये कदम मतदाताओं को लुभाने वाला
- बीजेपी का पलटवार कांग्रेस के मूल पिंड में राजनीति है, जबकि हमारा मकसद आम लोगों की मदद करना है
कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर के बाहर बीजेपी के हेल्प डेस्क पर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इस पर गहरी आपत्ति दर्ज कराई है। कांग्रेस का आरोप है कि निकाय चुनाव से पहले सरकारी कार्यक्रम का इस तरह राजनीतिक फायदा उठाने का अधिकारी किसी भी राजनितिक पार्टी को नहीं है। वहीं बीजेपी की तरफ से इसका करारा जवाब दिया गया है। बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सांसद राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस के मूल पिंड में राजनीति है। ये पहल आम आदमी की सुविधा को ध्यान में रखकर शुरू की गई है।
दरअसल कोरोना से बचाने के लिए चल रहे वैक्सीनेशन के दौरान आम लोगों को परेशानी हो रही है। बीजेपी ने आम लोगों की मदद के लिए हर वैक्सीनेशन सेंटर के बाहर अपना एक बूथ लगाना शुरू कर दिया है। बीजेपी इसे हेल्प डेस्क नाम दे रही है। शनिवार को जबलपुर के सांसद राकेश सिंह ने विक्टोरिया अस्ताल का दौरा किया और हेल्प डेस्क की शुरूआत की। बीजेपी का तर्क है कि बूथ के माध्यम से वह लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करना है। वहीं उनके रजिस्ट्रेशन आदि की व्यवहारिक दिक्कत में मदद करेगी।
हेल्प डेस्क के बहाने मतदाताओं को लुभाने की कोशिश
पर बीजेपी के इस कदम पर कांग्रेस हमलावर हो गई है। उसने बीजेपी के इस कदम को सियासी करार दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगत बहादुर सिंह अन्नू ने आरोप लगाया है कि बीजेपी निकाय चुनाव से पहले वैक्सीनेशन के बहाने शहरी मतदाताओं को लुभाने की रणनीति अपना रही है और वह भी सरकारी वैक्सीनेशन में।
सत्ता का दुरुपयोग करना बीजेपी की आदत
कांग्रेस नगर अध्यक्ष दिनेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सत्ता का दुरुपयोग करना बीजेपी की आदत रही है। लंबे समय से ये हो रहा हे। शासकीय संपत्ति पर अपना झंडा लगाकर आम लोगों को बरगलाने की कोशिश कामयाब नहीं होगी। प्रशासन को तत्काल इस तरह के बूथ बंद कराने चाहिए। यदि आम जनता की दिक्कतों का ही सवाल है तो ये काम प्रशासन का है।
कांग्रेस तो विरोध के नाम पर भी विरोध करती है
बीजेपी सांसद राकेश सिंह ने कांग्रेस की आपत्ति को बेबुनियाद बताया। कहा कि कांग्रेस की मूल पिंड में राजनीति करना ही शामिल है। जिस बात से उसे फायदा पहुंचता है, वह करती है। जबकि बीजेपी का मकसद साफ और नेक है। आम जनता को फायदा पहुंचाने और उसकी तकलीफों को कम से कम करना पार्टी के मूल में है।