Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
रिठौरी नहर में युवक का उतराता शव खमरिया पुलिस ने निकलवाया तो उसकी पहचान गुमशुदा सूरज दुबे के रूप में हुई।
- खमरिया क्षेत्र के चकरघटा हनुमान मंदिर घाना का रहने वाला था युवक
- आंख के पास चोट के निशान मिले, एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची
खमरिया क्षेत्र अंतर्गत रिठौरी नहर में बुधवार सुबह 24 वर्षीय युवक की उतराती हुई लाश मिली। युवक के चेहरे के पास चोट के निशान मिले हैं। यह चोट मारपीट के हैं या फिर नहर में बहाव के दौरान लगे हैं, ये स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौके पर एफएसएल टीम भी पहुंची थी। खमरिया टीआई ने पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
जानकारी के अनुसार चकरघटा हनुमान मंदिर घाना के पास रहने वाला सूरज दुबे (24) शादी-पार्टी में खाना बनाने का काम करता था। 14 मार्च को वह घर में अकेला था। पिता रविनंदन दुबे पत्नी के साथ विक्रमपुर रिश्तेदार के घर गए थे। लौटे तो बेटा गायब मिला। उसका मोबाइल भी बंद बता रहा था। दो दिन तक वह बेटे की तलाश में दर-दर भटकते रहे। मंगलवार को वे खमरिया थाने पहुंचे और बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई।
शव फूल गया था। आंख के पास हल्की चोट मिली है।
ग्रामीणों ने कैनाल में लाश देख पुलिस को दी खबर
खमरिया टीआई निरूपा पांडे के मुताबिक बुधवार सुबह को रिठौरी गांव के लोगों ने कैनाल में एक युवक का औधे मुंह उतराता हुआ शव देख कर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मौके पर एफएसएल टीम भी पहुंची थी। टीम की मौजूदगी में शव काे पंचनाम के बाद पीएम के लिए भिजवाया गया।
पीएम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
टीआई निरूपा पांडे के मुताबिक सूरज के आंख के पास चोट दिख रहा है, लेकिन यह नहर में बहाव के दौरान लगा या फिर उसे चोट पहुंचाई गई। ये स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों के एंगल पर अभी जांच में जुटी है। यदि उसने आत्महत्या की है, तो अब तक इसका कोई कारण सामने नहीं आ पाया है। पुलिस पीएम रिपोर्ट के इंतजार में है।