Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
बड़वानी2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
अंजड़ नाके पर नपा अमले ने शिविर लगाकर करों की वसूली की।
- 1 माह में पूरा होगा जीआईएस सर्वे, घर-घर जानकारी जुटा रही टीम
- नपा कर रही बकाया करों की वसूली, अंजड़ नाके पर लगाया शिविर
नगरपालिका द्वारा बकाया करों की वसूली को लेकर शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके तहत बुधवार को अंजड़ नाके पर शिविर लगाकर करों की वसूली की गई। 24 साल बाद संपत्ति कर में वृद्धि होगी। संपत्ति कर में 25 से 30 फीसदी और उपभोक्ता प्रभार दो गुना से ज्यादा होने की संभावना है। नई दरें 1 अप्रैल से लागू होना है। 1997 के बाद अब संपत्ति करों में वृद्धि होगी। इसको लेकर भोपाल की टीम सर्वे कर रही है। जीआईएस सर्वे के जरिए प्रापर्टी का मूल्यांकन होगा। 19 मार्च को नगरपालिका परिषद की बैठक होना है। इसमें बजट पेश किया जाएगा। साथ ही संपत्ति कर सहित अन्य करों को लेकर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।
अभी वार्डों का हो रहा सीमांकन
संपत्ति कर के निर्धारण को लेकर भोपाल की सर्वे टीम इन दिनों घर-घर सर्वे कर लोगों से संपत्ति की जानकारी जुटा रही है। साथ ही वार्डों का परीसिमन किया जाकर वार्ड की सीमा का निर्धारण किया जा रहा है। जीआईएस सर्वे में सैटेलाइट व ड्रोन कैमरे के जरिए सर्वे कर टीम द्वारा प्रापर्टी का मूल्यांकन किया जाएगा। इससे छूटी हुई प्रापर्टी का भी मूल्यांकन हो सकेगा। नपा सीएमओ कुशलसिंह डोडवे ने बताया एक महीने में जीआईएस सर्वे पूरा होगा। नए वित्त वर्ष में संपत्ति कर बढ़ेगा।
तीन जोन में बंटा है शहर
संपत्ति कर को लेकर नपा ने शहर को तीन झोन में बांटा है। व्यावसायिक प्रापर्टी के अनुसार जोन 1 के लिए 18%, जोन 2 का 15% और 3 में संपत्ति मूल्य अनुसार कर 10% है। इसी तरह आवासीय प्रापर्टी के लिए जोन 1 का 10%, 2 का 8 व 3 के लिए 6% संपत्ति कर 1997 से निर्धारित है।
जल कर में बढ़ोतरी के संकेत
शहर में 10090 नल कनेक्शन है। अभी नपा द्वारा 100 रुपए महीना जलकर वसूला जा रहा है, जो 2014 से जारी है। लेकिन अब 7 साल बाद जलकर में भी बढ़ोतरी होगी। परिषद की बैठक में इस पर भी फैसला होगा। 300 रुपए प्रतिमाह जलकर होने के आसार है। वहीं स्वच्छता कर, जल-मल कर यानि उपभोक्ता प्रभार कर में भी दो गुना से ज्यादा वृद्धि हो सकती है।
