सूर्यकुमार यादव लिस्ट ए करियर में 20 बार 50 से अधिक रन की पारी खेल चुके हैं.
चौथे टी20 (India vs England) में सूर्यकुमार यादव (suryakumar yadav) ने शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई थी. अब उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह मिल गई है.
सूर्यकुमार यादव को चौथे टी20 में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला था. हालांकि वे विवादास्पद तरीके से आउट हुए थे. उन्होंने मैच में 31 गेंदों पर 57 रन बनाए. छह चौके और तीन छक्के लगाए. सूर्यकुमार ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी पहली गेंद पर ही छक्का लगाया था. सीरीज के दूसरे टी20 मैच में उन्होंने डेब्यू किया था. लेकिन तब उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था. तीसरे टी20 में उन्हें बाहर कर दिया गया था. चौथे टी20 में उन्हें शामिल किया गया. यहां सूर्यकुमार को नंबर-3 पर बल्लेबाजी का मौका मिला और उन्होंने खुद को साबित कर दिया. वे वनडे सीरीज में भी ऐसा ही प्रदर्शन करना चाहेंगे क्योंकि दो साल बाद वनडे वर्ल्ड कप भारत में ही होना है.
कोहली ने कहा-सोचो की तुम आईपीएल में खेल रहे हो
मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं कि यह मैच इस तरह बीता. मैं जैसा हूं, वैसा ही मैदान पर बने रहने की कोशिश की. मैं खुद से बात कर रहा था. चीजों को आसान रख रहा था. टीम प्रबंधन और विराट भाई ने मुझसे कहा कि मैदान के अंदर जाकर अपने आप को खुलकर अभिव्यक्त करो. उन्होंने कहा कि ऐसा मानो कि तुम आईपीएल में खेल रहे हो. सिर्फ जर्सी बदली है, लेकिन तुम्हारे खेलने का अंदाज वही होना चाहिए. मुझे इससे काफी मदद मिली और चीजें बेहतर ढंग से हुईं.’यह भी पढ़ें: IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम का ऐलान, सूर्यकुमार यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को मिला मौका
लिस्ट ए में सूर्यकुमार लगा चुके हैं तीन शतक
सूर्यकुमार यादव के लिस्ट ए करिअर की बात करें ताे वे 98 मैच खेल चुके हैं. पिछले दिनों विजय हजारे ट्रॉफी के एक मुकाबले में उन्होंने पुडुचेरी के खिलाफ 133 रन की बड़ी पारी खेली थी. इसके अलावा उन्होंने हिमाचल के खिलाफ भी 91 रन बनाए थे. उन्होंने लिस्ट ए में 3 शतक और 17 अर्धशतक के साथ 2779 रन बनाए हैं. औसत 38 का है.