उपभोक्ताओं को परेशानी: राशन दुकान की आईडी अपडेट न होने से केवल बाजरे का हाे रहा वितरण

उपभोक्ताओं को परेशानी: राशन दुकान की आईडी अपडेट न होने से केवल बाजरे का हाे रहा वितरण


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

पिपरिया4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

राशन दुकान को राशन आवंटन ना होने से बाजरा दिया जा रहा है।

  • राशन दुकानदार पर राशन लेने जा रहे उपभोक्ता जता रहे अपनी नाराजगी

राजीव गांधी वार्ड की शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान की आईडी अपडेट ना होने से दुकानदार को गेहूं, चावल, शक्कर, नमक आदि नहीं दिया जा रहा है। दुकानदार को केवल बाजरा आवंटित हो रहा है इसीलिए दुकानदार उपभोक्ताओं को केवल बाजरा दे रहा है। जिसे लेकर उपभोक्ता राशन दुकानदार पर नाराजगी जता रहे हैं। राशन दुकानदार लोकेश दुबे ने बताया कि अक्टूबर-नवंबर माह में तकनीकी खामी के कारण उनकी पीओएस मशीन से जुड़ी राशन दुकान की आईडी करप्ट हो गई थी। इसके बाद उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल रहा था।

अनेक उपभोक्ताओं के नाम गायब हो गए थे। राशन का आवंटन बंद हो गया। सारे प्रयास करने के बाद भी जब राशन नहीं मिला तो उपभोक्ताओं ने अपनी परेशानी विधायक ठाकुरदास नागवंशी को बताई। नागवंशी के दखल से अधिकारियों ने वितरण पंजी के माध्यम से उपभोक्ताओं को राशन दिए जाने के निर्देश दे दिए और उपभोक्ताओं को राशन मिलने लगा। दुबे ने बताया कि तीन माह पहले उनकी राशन दुकान आईडी शुरू हो गई है। आईडी जिस कंडीशन में करप्ट हुई थी वह वहीं से शुरू हुई है। बंद होते समय उसमें जो राशन आवंटित था वह दुकान के खाते में नजर आ रहा है।

दुबे ने कहा कि आईडी में दुकान पर जो अनाज बैलेंस दिखाया जा रहा है वह कभी का बांटा जा चुका है। वर्तमान में दुकान को गेहूं, चावल, शक्कर, नमक का आवंटन इसलिए नहीं किया जा रहा क्योंकि मशीन बता रही है कि दुकान में इन सब सामान का स्टाक है। दुबे ने कहा इस बारे में वे खाद्य शाखा सहित अन्य अधिकारियों को जानकारी दे चुके हैं। इसके बाद भी आईडी को अपडेट कर सुधार नहीं किया जा रहा है। अनेक उपभोक्ताओं ने भी अपनी तरफ से शिकायत की है। दुकानदार दुबे ने कहा कि फिलहाल उन्हें बाजरे का आवंटन मिल रहा है, इसलिए वह लोगों को केवल बाजरा ही दे पा रहे हैं।

^इस तरह की परेशानी कुछ और दुकानों को लेकर आ रही है। इस बारे मे जिला कार्यालय को जानकारी भेजी गई है और आवंटन की व्यवस्था बनाने के लिए कहा जा रहा है। हमने अतिरिक्त आवंटन की मांग भी की है।
-राम तोमर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पिपरिया

खबरें और भी हैं…



Source link