Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
छतरपुर23 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
घायल को अस्पताल ले जाते हुए।
- गढ़ी मलहरा नगर के वार्ड नंबर चार की घटना, परिजनों ने दरवाजा तोड़ कर बाहर निकाला
छतरपुर जिले के गढ़ी मलहरा नगर के वार्ड नंबर चार में एक परिवार में गोद भराई का कार्यक्रम होने को लेकर खुशियों का माहौल था। परिजन तैयारियों में जुटे थे लेकिन इसी बीच परिवार के मुखिया ने खुद को कमरे में बंद कर लाइसेंसी बंदूक से गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुन घर में अफरा-तफरी मच गई। कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। ऐसे में लोगों ने दरवाजा तोड़ा। जहां घर के मुखिया खून से लथपथ अवस्था में पड़े थे। यह देख घर में मातम छा गया। लोगों ने ताबड़तोड़ उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
दरअसल, गढ़ी मलहरा निवासी जयचंद्र चौरसिया (65) के घर में उनकी नातिन की गोद भराई का कार्यक्रम था। कार्यक्रम से पहले वह अपने कमरे में गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसी दौरान अज्ञात कारणों के चलते उन्होंने लाइसेंसी 12 बोर दो नाली बंदूक से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े और कमरे का दरवाजा तोड़ कर जयचंद्र को बाहर निकाला। गंभीर अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार कर घायल को ग्वालियर अस्पताल रैफर कर दिया गया। गढ़ी मलहरा थाना प्रभारी रविकरण उपाध्याय ने बताया जयचंद्र ने खुद को गोली क्यों मारी, इसके पीछे क्या वजह थी इसकी जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में लग रहा है कि घरेलू विवाद के चलते उन्होंने ऐसा कदम उठाया है।
परिजन का तर्क: बंदूक साफ करते समय चली गोली
घटना सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी दौरान घटना को लेकर परिजन ने कहा घर में गोद भराई का कार्यक्रम था। कार्यक्रम को लेकर जयचंद अपनी लाइसेंसी बंदूक साफ कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई। उन्होंने जानबूझ कर खुद को गोली नहीं मारी।