- Hindi News
- Local
- Mp
- Jabalpur
- Youths From UP, Bihar Including Many States Came To Join The Army, Army Officials Made Arrangements For Food And Water.
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सेना भर्ती के लिए आए युवक लॉकडाउन के चलते परेशान हुए, स्टेशन पर ही सभी ने डेरा जमा लिया।
- गैरिसन ग्राउंड में और रेलवे स्टेशन में सैकड़ों की संख्या में सेना भर्ती में आए युवकों ने डाला डेरा
- विक्टोरिया जिला अस्पताल में भी कोविड जांच के लिए युवकों की भारी भीड़
लॉकडाउन में सबसे अधिक परेशान सेना भर्ती में विभिन्न प्रदेशों से आए युवक हुए। रेलवे स्टेशन, गैरिसन ग्राउंड के बाहर डेरा डाले युवक भूख-प्सास से परेशान रहे। कई युवकों की चिंता इस बात की थी कि सोमवार को उनकी दौड़ है और उनके पास कोविड जांच की रिपोर्ट नहीं थी। हालांकि सेना के अधिकारियों ने इन युवकों की सुध ली और इनके भोजन-पानी के प्रबंध किए।
जानकारी के अनुसार सेना की ओर से सोमवार से रिलेशन भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसमें सेवारत, पूर्व सैनिक, युद्ध विधवा, सैनिकों के आश्रितों को मौका दिया जाता है। सेना में की ओर से तकनीकी, सैनिक जीडी, सैनिक ट्रेडसमैन श्रेणी में भर्ती लेनी है। इसके लिए इंदिरा गांधी आईजी ग्राउंड टूटीटीआर में वन एसटीसी की ओर से भर्ती की प्रक्रिया कराई जा रही है। हर अभ्यर्थी को 12 तरह के दस्तावेज लेकर पहुंचना है।

रिलेशन वाली भर्ती में देश भर के युवक जबलपुर पहुंचे हैं।
देश भर से युवक आए हैं भर्ती में शामिल होने
सेना की इस भर्ती में देश भर के विभिन्न राज्यों के युवक आए हैं। यूपी, बिहार, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों के युवक आए हैं। सप्ताह भर चलने वाले इस भर्ती में सभी को कोविड रिपोर्ट भी प्रस्तुत करनी है। कई युवकों की भर्ती प्रक्रिया 24 व 25 की है, लेकिन एक ही ट्रेन सुविधा होने की वजह से मजबूरी में उन्हें काफी पहले आना पड़ा।
लॉकडाउन के चलते हुए परेशान
सोमवार से होने वाली भर्ती के चलते लगभग डेढ़ हजार के संख्या में युवक आए हैं। रविवार को जबलपुर में लॉकडाउन के चलते उन्हें काफी परेशानी हुई। युवकों को पैदल गैरीसन ग्राउंड जाना पड़ा। वहीं बड़ी संख्या में युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर डेरा डाले हुए हैं। रविवार दोपहर तक भूख-प्यास से परेशान इन युवकों के बारे में जानकारी होने पर सेना के अधिकारी आगे आए। आनन-फानन में इनके भोजन-पानी का प्रबंध किया।
भर्ती में आए युवकों का छलका दर्द
गैरिसन ग्राउंड में माैजूद बलिया के अभिषेक मिश्रा ने बताया कि उसकी भर्ती 24 मार्च को है। पर एक ही ट्रेन होने की वजह से उसे पहले ही आना पड़ा। यहां आने पर पता चला कि लॉकडाउन लगा है। दोपहर तक खाने-पीने को कुछ नहीं मिला था। इसके बाद सेना के अधिकारी आए और भोजन का प्रबंध किया।

गैरीसन ग्राउंड में भर्ती के लिए आए युवक।
गोरखपुर के कौड़ीराम, चौरीचौरा से आए यशवंत पाल, रामजनम शर्मा और बस्ती निवासी आनंद यादव ने बताया कि रास्ते में कुछ खाने के लिए घर से लाए थे। उसी से काम चला रहे हैं। यशवंत पाल की चिंता थी कि उनका कोविड जांच नहीं हुआ था। वहीं रेलवे स्टेशन में सैकड़ों युवकों के साथ मौजूद मेरठ के जीवन पांडे, अभिषेक कुमार ने बताया कि सोमवार को भर्ती है। इस कारण रविवार की रात को ही आ गए थे।
तड़के ढाई बजे करनी होगी रिपोर्ट
सेना भर्ती से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक भर्ती में शामिल होने वाले युवकों को तड़के ढाई बजे ही मैदान में रिपोर्ट करनी होती है। इस दौरान उनके दस्तावेज, कोविड रिपोर्ट, शरीर का तापमान आदि चेक किया जाएगा। इसके बाद दौड़ सहित अन्य शारीरिक परीक्षण होगा। बड़ी संख्या में युवकों के पास कोविड रिपोर्ट नहीं थी, वे दिन भर विक्टोरिया जिला अस्पताल में इसके लिए परेशान होते रहे।

इंदिरा गांधी आईजी ग्राउंड टूटीटीआर में भर्ती प्रक्रिया के लिए सोमवार को दौड़ होगी।

रेलवे स्टेशन पर आराम करते हुए सेना भर्ती में शामिल होने आए युवक।