जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय ने भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में 135 रन की साझेदारी की. (AP)
India vs England: जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय की जोड़ी ने भारत के खिलाफ मंगलवार को पहले वनडे मैच में 135 रन की ओपनिंग साझेदारी की. उन्होंने इस साझेदारी के दौरान महज 11.3 ओवर में ही 100 रन जोड़ लिए थे.
जॉनी बेयरस्टो (Jonny Bairstow) और जेसन रॉय (Jason Roy) की जोड़ी ने भारत के खिलाफ (India vs England) मंगलवार को पहले वनडे मैच में 135 रन की ओपनिंग साझेदारी की. उन्होंने इस साझेदारी के दौरान महज 11.3 ओवर में ही 100 रन जोड़ लिए थे. उनकी इस साझेदारी के कारण ही भारत का मजबूत स्कोर (317/5) भी छोटा लगने लगा. बेयरस्टो और रॉय की यह जोड़ी प्रसिद्ध कृष्णा ने तोड़ी. उन्होंने जेसन रॉय को प्वाइंट पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया.
जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय को साथ ओपनिंग करते हुए अभी 4 साल ही हुए हैं. इस छोटे से दौर में इन दोनों ने बतौर ओपनर वह रुतबा हासिल कर लिया है, जो दिग्गजों को हासिल है. एक जनवरी 2015 से बाद की बात करें तो सिर्फ रोहित-धवन और वॉर्नर-फिंच की ओपनिंग जोड़ी ही बेयरस्टो-रॉय से ज्यादा रन सकी है. लेकिन अगर औसत, तेजी से रन बनाने और शतकीय साझेदारी की बात करें तो इंग्लिश जोड़ी रोहित-धवन और वॉर्नर-फिंच से आगे निकल जाती है.
रोहित-धवन की भारतीय जोड़ी ने 76 मैच में 3366 रन की साझेदारी की है. इसमें 10 शतकीय साझेदारी है. इसी तरह वॉर्नर-फिंच ने 59 मैच में 3098 रन की साझेदारी की है. इसमें भी 10 शतकीय साझेदारी है. बेयरस्टो-रॉय ने 42 मैच में 12 शतकीय साझेदारी कर 2539 रन बना डाले. बेयरस्टो-रॉय ने 60 से अधिक औसत से रन बनाए हैं. रोहित-धवन ने 44.28 और वॉर्नर-फिंच ने 53.41 की औसत से रन जोड़े हैं.