- Hindi News
- Local
- Mp
- Jabalpur
- Teacher Lodged Midnight Robbery At Sanjeevani Nagar Police Station, Said In The Morning, Had Lodged A Complaint Angrily
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- भेड़ाघाट स्थित विवेकानंद स्कूल में पदस्थ शिक्षक दक्षिण भारतीय फिल्म की हो रही शूटिंग में भी निभा रहा किरदार
- संजीवनी नगर क्षेत्र के धनवंतरी नगर चौराहे पर लूट होने की दर्ज कराई थी वारदात, वहां लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तो शिक्षक की खुल गई पोल
शहर में हो रही दक्षिण भारतीय फिल्म में एक किरदार निभाने वाले शिक्षक ने लूट की झुठी कहानी रच दी। बाइक फिसलने पर धनंवतरी नगर चौराहे पर चार युवकों से मारपीट हो गई। शिक्षक मंगलवार देर रात ढाई बजे थाने पहुंचे और 70 हजार रुपए मारपीट कर छीन लेने की शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदेहियों से पूछताछ की तो कहानी कुछ और ही निकली। बुधवार सुबह शिक्षक फिर थाने पहुंचे। बोले गुस्से में लूट दर्ज करा दी थी।
जानकारी के अनुसार सिंधी कैम्प हनुमानताल निवासी दौलतराम अहिरवार (36) विवेकानंद स्कूल भेड़ाघाट में शिक्षक हैं। भेड़ाघाट में दक्षिण भारतीय फिल्म “दस मिसिंग बीन’ की शूटिंग हो रही है। इस फिल्म में दौलतराम भी एक किरदार निभा रहे हैं। मंगलवार रात ढाई बजे संजीवनी नगर थाने में पहुंचे। शिकायत दर्ज कराई कि फिल्म से जुड़े कर्मी सी वर्ल्ड पार्क भेड़ाघाट में रुके हैं।
वहां से मिले 70 पेमेंट लेकर वह घर लौट रहा था। धनंवतरी नगर चौराहे पर अचानक चार लोग बाइक के सामने आ गए। इससे वह गिर गया। इसके बाद चारों ने मारपीट कर उसकी जेब से 70 हजार रुपए छीन कर फरार हो गए। भेड़ाघाट टीआई ने मामले में धारा 294, 323, 394 भादवि का प्रकरण दर्ज कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोल दी शिक्षक की झूठ
संजीवनी नगर पुलिस ने वारदात स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरा खंगाला। पता चला कि शिक्षक की बाइक खुद से फिसली थी। सीसीटीवी फुटेज में दो युवकों से मारपीट होना दिखा। अन्य लोग वहां बीच-बचाव करते हुए दिखे। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चौराहे पर ही पान दुकान लगाने वाले संदेही और उसके साथी साहू दोस्त को दबोच लिया।
दोनों ने पुलिस हिरासत में बताया कि दोनों दुकान से घर जा रहे थे। उसी दौरान अंधमूक बायपास की ओर से आ रहे दौलतराम की बाइक अचानक फिसल गई। बाइक की टक्कर साहू के पैर में लगी। उसने इलाज कराने के लिए कहा तो दौलतराम ने मना कर दिया। इसी बात पर उनके बीच मारपीट हुई थी।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद बुधवार को पलट गया शिक्षक
सीसीटीवी फुटेज में पोल खुलने के बाद बुधवार को संजीवनी नगर थाने पहुंचा शिक्षक दौलतराम रात की एफआईआर से पलट गया। उसने बताया कि कोई लूट नहीं हुई है। मारपीट हुई थी। उसने गुस्से में लूट का प्रकरण दर्ज करा दिया था। उसे कोई पेमेंट भी नहीं मिला था। संजीवनी नगर टीआई भूमेश्वरी चौहान के मुताबिक प्रकरण की विवेचना के बाद लूट की धारा अलग कर दी जाएगी।