नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को 66 रनों से मात दी. इस मैच को जीतने के साथ ही भारत ने 3 मैच की सीरीज में अब 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली है. सीरीज के दूसरे वनडे से पहले भारतीय टीम का कोविड टेस्ट हुआ. इस दौरान टीम के हिटमैन रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने कोविड टेस्ट के दौरान कुछ इस तरह का रिएक्शन दिया जैसे कि वो बार-बार कोविड टेस्ट से परेशान हो चुके हैं.
पंत को दिखाई मिडिल फिंगर
दरअसल, दूसरे वनडे से पहले टीम इंडिया और इंग्लैंड के खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट (Corona Test) हो रहा था. इसी बीच टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) रोहित शर्मा (Rohit Sharma) से मजाक करते दिखाई दिए. बता दें कि रोहित जब टेस्ट करा रहे थे, तब पंत उनका वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे और उन्होंने रोहित को चिढ़ाने के लिए उनसे पूछा कैसे हो भैया. रोहित ने मजाकिया अंदाज में इस बात का जवाब देते हुए पंत को अपनी मिडिल फिंगर दिखा दी.
— tony (@tony49901400) March 24, 2021
पहले मैच में चोटिल हुए रोहित
इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) चोटिल हो गए थे. दरअसल, मार्क वुड की एक तेज-तर्रार गेंद रोहित की कोहनी में लगी, जिसके बाद रोहित (Rohit Sharma) दर्द में दिखे और मेडिकल स्टॉफ को मैदान में आना पड़ा. रोहित इसके बाद फील्डिंग करने के लिए भी मैदान में नहीं उतरे थे और उनकी जगह सूर्यकुमार यादव ने फील्डिंग की. दूसरे मैच में रोहित (Rohit Sharma) खेलेंगे या नहीं इस बात पर अभी सवाल खड़ा हो रहा है.
भारत ने 66 रनों से जीता मैच
भारत ने इंग्लैंड को पहले वनडे मैच में 66 रनों से मात दी. भारत ने इस मैच में पहले बल्लेबाज करते हुए 5 विकेट खोकर 317 रन बनाए. भारत की ओर से शिखर धवन ने 98 रन की बेहतरीन पारी खेली. धवन के अलावा कप्तान विराट कोहली ने भी 56 रन बनाए. जबकि केएल राहुल ने नाबाद 62 और क्रुणाल पांड्या ने नाबाद 58 रनों की पारी खेली. जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम 42.1 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर 251 रन ही बना सकी. भारत की ओर से डेब्यू कर रहे प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 विकेट झटके. जबकि शार्दुल ठाकुर ने 3 विकेट लिए.