जॉनी बेयरस्टो ने 11 वनडे शतक बनाने के लिए 78 पारियां खेलीं
India vs England 2nd ODI : इंग्लैंड के ओपनर जॉनी बेयरस्टो ने कमाल के अंदाज में बल्लेबाजी की और जेसन रॉय के साथ पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की. उन्होंने छक्का लगाते हुए अपना 11वां वनडे शतक पूरा किया.
पुणे के एमसीए स्टेडियम में सीरीज के दूसरे वनडे में इंग्लैंड को 337 रन का लक्ष्य मिला. बेयरस्टो और जेसन रॉय (55) ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की और टीम की स्थिति मजबूत की. रॉय 55 के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए जिसके बाद बेयरस्टो ने धुरंधर ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के साथ पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने टीम को आसानी से 200 के पार पहुंचा दिया.
बेयरस्टो ने 11 वनडे शतक बनाने के लिए 78 पारियां खेलीं जबकि विराट कोहली ने 82 पारियों में 11 वनडे सेंचुरी पूरी की थीं. इस मामले में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला टॉप पर हैं जिन्होंने 64 पारियों में ही 11 वनडे शतक पूरे कर लिए थे. उनके बाद क्विंटन डि कॉक (65 पारियां) और पाकिस्तान के बाबर आजम (71 पारियां) का नंबर आता है.
Jonny Bairstow gets to his 11th ODI ton with a huge maximum.
Can he carry England home? They need less than 140 to win.#INDvENG ➡️ https://t.co/t8SUo38VoP pic.twitter.com/3R4bJLh8rl— ICC (@ICC) March 26, 2021
31 साल के बेयरस्टो ने इससे पहले 84 वनडे में कुल 3301 रन बनाए हैं. उनके नाम 74 टेस्ट मैचों में कुल 4197 और 51 टी20 इंटरनैशनल मैचों में 1050 रन हैं.
भारतीय टीम ने इस मैच में निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट पर 336 रन बनाए. राहुल ने 108 रन की शतकीय पारी खेली जबकि कप्तान विराट कोहली (66) और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (77) ने अर्धशतक जड़े. हार्दिक पंड्या ने 35 और रोहित शर्मा ने 25 रन का योगदान दिया. इंग्लैंड के पेसर रीस टॉपले और टॉम करन को 2-2 विकेट मिले.