सचिन तेंदुलकर से पहले शाहिद अफरीदी, सना मीर और लाहिरु थिरिमाने समेत कई दिग्गज क्रिकेटर कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे
सचिन तेंदुलकर से पहले कई दिग्गज क्रिकेटर इस घातक महामारी से संक्रमित हो चुके हैं. इस लिस्ट में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी, वेस्टइंडीज के शाई होप, बांग्लादेश के मशरफे मुर्तजा, पाकिस्तान की दिग्गज महिला क्रिकेटर सना मीर और इंग्लैंड के स्पिनर मोईन अली शामिल हैं.
47 साल के सचिन ने लिखा, ‘मैं लगातार टेस्ट करा रहा था. हल्के लक्षण के बाद मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं. मैंने खुद को घर पर ही क्वारंटीन कर लिया है. इस महामारी से संबंधित सभी जरूरी प्रोटोकॉल फॉलो कर रहा हूं.’ उन्होंने साथ ही बताया कि उनके घर के सभी सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है.
दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने ट्टिटर पर लिखा कि वह कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं
सचिन से पहले कई दिग्गज क्रिकेटर इस घातक महामारी से संक्रमित हो चुके हैं. हालांकि ज्यादातरों ने इसे हराया और वापसी की. कोरोना से संक्रमित होने वाले दिग्गज क्रिकेटरों में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी भी शामिल हैं.पाकिस्तान के लिए 398 वनडे, 99 टी20 इंटरनैशनल और 27 टेस्ट खेलने वाले अफरीदी पिछले साल जून में कोरोना पॉजिटिव मिले थे. उन्होंने भी सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी थी.
शाहिद अफरीदी पिछले साल जून में कोविड-19 पॉजिटिव हो गए थे.
कोविड-19 पॉजिटिव होने वालों में वेस्टइंडीज के शाई होप, बांग्लादेश के मशरफे मुर्तजा, बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली के बड़े भाई शुभाशीष गांगुली, पाकिस्तान की दिग्गज महिला क्रिकेटर सना मीर और इंग्लैंड के स्पिनर मोईन अली शामिल हैं.
सना मीर ने ट्विटर पर खुद को कोविड-19 पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी
पाकिस्तान में तो कोरोना वायरस से पूर्व कप्तान और मौजूदा प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) तक पॉजिटिव हो गए हैं. इमरान की कप्तानी में पाकिस्तान ने 1992 में क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता था. हाल में शादाब खान, हैदर अली समेत पाकिस्तान के सात से ज्यादा खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव मिले थे.
इनके अलावा श्रीलंका के लाहिरु थिरिमाने, लाहिरु कुमारा, कोच मिकी आर्थर, डैन वेन नीकर्क भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले क्रिकेटरों की लिस्ट में शामिल रहे.
चेतन चौहान की हुई थी मौत
भारत के पूर्व क्रिकेटर और यूपी सरकार के मंत्री रहे चेतन चौहान की पिछले साल कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद मौत हो गई थी. वह तब एक अस्पताल में भर्ती थे. पाकिस्तान के पूर्व फर्स्ट क्लास क्रिकेटर रियाज शेख की भी कोरोना वायरस के चलते मौत की खबरें सामने आई थीं. पाकिस्तान के फर्स्ट क्लास क्रिकेटर रहे जफर सरफराज की भी 50 की उम्र में कोविड-19 पॉजिटिव होने के बाद मौत हो गई थी. सरफराज पेशावर क्रिकेट में बड़ा नाम माने जाते थे.