- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Minister Sarang Asked Why The Electricity Went, The Answer Was Found In The 132 KV Line Of The Power Company, The Fault Has Come, The Minister Said, What Is Your Arrangement ?, Your Preparations Failed
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जीएमसी की नई बिल्डिंग में 6वें फ्लोर पर कोरोना मरीजों के लिए तैयार बेड।
- चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग रविवार को जीएमसी में कोरोना मरीजों के नए वार्ड का निरीक्षण करने पहुंचे
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इसको लेकर प्रशासन अस्पतालों में बेडों की संख्या बढ़ाने में जुटा है। गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की नई बिल्डिंग के छठवें और सातवें फ्लोर पर 120 नए बेड तैयार किए गए है। रविवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग नए वार्ड का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां मंत्री को नए वार्ड की तैयारियों में कई अव्यवस्थाएं दिखाई दी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। नई बिल्डिंग के 6वें फ्लोर पर मंत्री विश्वास सारंग निरीक्षण कर रहे थे, तभी बिजली गुल हो गई। मंत्री ने पूछा बिजली गुल क्यों हुई तो एक अधिकारी ने जवाब दिया कि बिजली कंपनी की 132 केवी लाइन में फाल्ट आया है। इस पर मंत्री ने कहा कि फिर आपका क्या अरेंजमेंट है। आपकी तैयारी तो फेल हो गई। इसके बाद जवाब आया कि हमने ठेकेदार से जनरेटर की व्यवस्था की है। बाद में इस मामले को मंत्री ने फिर उठाया। इस पर भोपाल कमिश्नर कविन्द्र कियावत ने कहा कि जनरेटर की व्यवस्था हो गई। पीआईयू का जनरेटर आ गया है। मंत्री ने उनसे कहा कि आप कह रहे है कि आ गया है। उधर अधिकारी कह रहे है कि नहीं आया है। आप इस व्यवस्था काे ठीक कराइए। हम लोग एक तरफ ध्यान देते है, दूसरी तरफ देखते ही नहीं है।
7वें फ्लोर की चॉबी गुम
मंत्री और कमिश्नर 6वें फ्लोर के बाद रैम्प से सातवें फ्लोर का निरीक्षण करने ऊपर पहुंचे। यहां पर 10 मिनट तक ताले की चॉबी ही नहीं मिली। अंत में एक कर्मचारी बोला सर पत्थर से ताला तोड़ दूं। मंत्री बोले नहीं हम लिफ्ट से आ जाएंगे। फिर तंज कसते हुए कहा तुम अभी से ऐसी आदत डाल लो। इसके पहले 6वें फ्लोर से ऊपर सातवें फ्लोर पर जाने वाले रैम्प का दरवाजा खोलने में भी देरी हुई। मंत्री ने ताला लगाने पर सवाल किया तो एक अधिकारी ने कहा कि यहां से कॉपर की वायर चोरी हो गई। कुछ ही देर में एक कर्मचारी चॉबी का गुच्छा लेकर सामने आ गया। फिर चॉबी ढूंढ कर ताला खोला गया। मंत्री ने महाराष्ट्र की आग की घटना से सबक सीखने की सलाह देकर चॉबी अलग रखने की सलाह दी।
बॉथरूम में फॉल सीलिंग, वार्ड में नहीं
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने 6वें फ्लोर पर बनाए वाॅर्ड में फॉल सीलिंग नहीं होने पर उन्होंने फॉल सीलिंग लगाने के लिए कहा। इस पर एक अधिकारी ने बिस्तर लग जाने की वजह से फॉल सीलिंग नहीं लगने की बात कही। निरीक्षण के दौरान मंत्री एक बॉथरूम में पहुंचे तो वहां पर फॉल सीलिंग लगी थी। इस पर मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि गजब है बॉथरूम में फॉल सीलिंग लगी और वॉर्ड में नहीं है। इस मामले में जीएमसी की डीन डॉ. अरुणा कुमार ने कहा कि पहले वाले डिजाइन में वार्ड में फॉल सीलिंग थी, लेकिन बाद में पता नहीं क्यों उसमें बदलाव कर दिया गया।
फ्लोर भी साफ नहीं
मंत्री ने वार्ड की सफाई को लेकर भी अधिकारियों से नाराजगी जताई। इस पर सफाई देते हुए भोपाल कमिश्नर कवीन्द्र कियावत ने कहा कि कल ही पूरा फ्लोर साफ कराया है। इससे पहले तो बहुत गंदा था। मंत्री ने फ्लोर की सफाई के साथ ही रैम्प पर पड़े सामान को तुरंत हटाने की बात कही। इसके अलावा मंत्री ने फायर उपकरण चालू नहीं होने पर अधिकारियों से पूछा तो बताया कि अभी बिल्डिंग पूरी तरह तैयार नहीं है। मंत्री ने सवाल किया कि एक फ्लोर पर उपकरण चालू करने का पूरी बिल्डिंग से क्या मतलब? मंत्री ने कोविड वार्ड में फायर उपकरण शुरू करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
मॉक ड्रिल कर लें तैयारियों का जायजा
जीएमसी की नई बिल्डिंग के पांचवें फ्लोर से आठवें फ्लोर तक 240 बेड की व्यवस्था की जा रही है। इसमें छठवें और सातवें फ्लोर पर 120 बेड लगा दिए गए है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दो दिन के अंदर ठीक करने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने वार्ड को शुरू करने से पहले तैयारियों की पड़ताल के लिए मॉक ड्रिल करने के लिए कहा।