Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- थम नहीं रहा मौतों का सिलसिला, रविवार को फिर दो मौतें, पिछले 7 दिनों में 10 ने गँवाई जान
जिले में कोरोना संक्रमण का कहर जारी है। एक ओर जहाँ मौतों का सिलसिला नहीं थम रहा है, पिछले 7 दिनों में 10 मौतें हो चुकी हैं, रविवार को फिर 2 लोगों की जान कोरोना से गई वहीं दूसरी ओर नए संक्रमितों के मुकाबले स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या कम हुई है। दिसंबर के बाद से लगातार बढ़ रहा रिकवरी रेट, मार्च की शुरुआत से ही उलटे क्रम में आ गया।
आँकड़ों पर गौर करें तो 1 मार्च से अब तक 28 दिनों में ही रिकवरी रेट 5 प्रतिशत घटकर 92.75 पर आ गया है, वहीं एक्टिव केस 10 गुना बढ़ गए हैं। जनवरी और फरवरी माह के मुकाबले, मार्च में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं, वहीं जान गँवाने वालों की संख्या भी इस वर्ष सबसे ज्यादा है। जनवरी से शुरू हुए कोराेना टीकाकरण अभियान को देखा जाए, तो सबसे ज्यादा 1 लाख से ज्यादा टीके सिर्फ मार्च में ही लगे हैं, जो कि जनवरी और फरवरी में लगे कुल टीकों के दोगुने से ज्यादा है।
मनमोहन नगर स्वास्थ्य केंद्र में भी भर्ती होंगे कोविड मरीज
बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। विक्टोरिया अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में अगर बेड भर जाते हैं तो ऐसे में मनमोहन नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 50 बिस्तरों का वार्ड कोविड मरीजों के लिए शुरू होगा। इसके अलावा विभाग की तैयारी ज्ञानोदय कोविड केयर सेंटर में भी 70 से 80 बिस्तरों वाले कोरोना वार्ड शुरू करने की है। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में करीब 200 बिस्तर कोरोना मरीजों के लिए हैं, जिन्हें और बढ़ाया जा रहा है। वहीं विक्टोरिया अस्पताल में 150 बेड ऑक्सीजन सप्लाई के साथ और 15 आईसीयू बेड तैयार हैं। 1-2 दिनों में यहाँ 36 बिस्तरों वाला आइसोलेशन वार्ड भी शुरू हो जाएगा।
स्टाफ और ड्यूटी रोस्टर तैयार
जिस दिन भी जरूरत होगी, मनमोहन नगर और ज्ञानोदय सेंटर में कोविड मरीज भर्ती होने लगेंगे। हमने इसके लिए स्टाफ और ड्यूटी रोस्टर भी तैयार कर लिया है। मनमोहन नगर के कोरोना टीकाकरण केंद्र को शांतिनगर स्वास्थ्य केंद्र शिफ्ट कर दिया जाएगा।
-डॉ. रत्नेश कुरारिया, सीएमएचओ
पॉजिटिव मरीज जहाँ ज्यादा मिल रहे वहाँ कोरोना कंट्रोल-रूम से रखें नजर
वर्चुअल मीटिंग में कलेक्टर ने दिए निर्देश फील्ड पर तैनात रहें आरआरटी व टीमें
कार्यालय प्रतिनिधि, जबलपुर| शहर के कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहाँ कोरोना संक्रमण के मरीज ज्यादा मिल रहे हैं। ऐसे क्षेत्रों में कोरोना कंट्रोल-रूम से नजर रखी जाए। जो भी मरीज संक्रमित हो रहे हैं उनके संपर्क में आने वालों से वीडियो कालिंग कर उनका स्वास्थ्य पूछा जाए। अगर जरूरत पड़े तो ऐसे लोगों के सैंपल भी कराए जाएँ। यह निर्देश कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने रविवार को वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से अधिकारियों को दिए। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं जहाँ ज्यादा संख्या में कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं।
उन्होंने मीटिंग में कांटेक्ट ट्रेसिंग पर जोर देते हुए कहा कि आरआरटी व अन्य टीमें फील्ड पर तैनात रहें और लगातार निगरानी रखें। कोरोना पॉजिटिव के नजदीकी संपर्क में आने वाले व्यक्तियों को अनिवार्य रूप से होम आइसोलेशन में रहने की सलाह देने की बात भी कलेक्टर ने कही। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि होम-आइसोलेशन के नियम का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाए।
मार्च में हुआ टीकाकरण; शासकीय अस्पताल
- पहला डोज- 66646
- दूसरा डोज- 16032
- कुल टीके- 82678
निजी अस्पताल
- पहला डोज- 24228
- दूसरा डोज- 1342
- कुल टीके- 25570
जिले में अब तक पहला और दूसरा डोज मिलाकर 1 लाख 46 हजार 948 डोज वैक्सीन लग चुकी हैं, इसमें से 1 लाख 8 हजार 248 सिर्फ मार्च में लगाई गईं। (आँकड़े 25 मार्च तक)
संक्रमित के घर में लगाएँ पोस्टर
कलेक्टर ने वर्चुअल मीटिंग में कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के घरों पर पोस्टर चस्पा करने तथा उनके घरों को नगर निगम के माध्यम से सेनिटाइज कराने की भी हिदायत अधिकारियों को दी।
अस्पतालों में कितने बेड, लेते रहें अपडेट
शासकीय एवं निजी अस्पतालों में कोरोना मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध बिस्तरों की लगातार अपडेट लेने की हिदायत भी दी। उन्होंने कोरोना संक्रमण से बचाव के एवं रोकथाम के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। वर्चुअल मीटिंग से आरआरटी टीम एवं एमएमयू टीम के प्रभारी, सभी बीएमओ तथा टेली मेडिसिन सेंटर में तैनात चिकित्सक भी जुड़े थे।
जेल में कोविड पॉजिटिव
नेताजी सुभाष चंद्र बोस केन्द्रीय जेल में कोरोना संक्रमित मिलने की खबर है। आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।