नीशम से मजे लेना पड़ा मैक्सवेल को भारी, ट्रॉफी दिखाकर बोलती कर दी बंद

नीशम से मजे लेना पड़ा मैक्सवेल को भारी, ट्रॉफी दिखाकर बोलती कर दी बंद


जिमी नीशम और मैक्सवेल आईपीएल में साथ खेल चुके हैं (Instagram)

कीवी खिलाड़ी जिमी नीशम (Jimmy Neesham) को ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने ट्रोल करने की कोशिश की लेकिन मजे लेना ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर को भारी पड़ गया. दोनों आईपीएल में पंजाब फ्रेंचाइजी के लिए साथ खेल चुके हैं.

नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर जिमी नीशम (Jimmy Neesham) का सेंस ऑफ ह्यूमर शानदार है और सोशल मीडिया पर वह कई बार अपनी इस खूबी को दिखा भी चुके हैं. नीशम को ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने ट्रोल करने की कोशिश की लेकिन नीशम ने उन्हें ही मजेदार जवाब दे दिया. नीशम और आईपीएल के उनके पुराने टीम साथी मैक्सवेल के बीच बातचीत तब शुरू हुई जब ट्विटर पर एक फैन ने उनसे मुंबई इंडियंस के ट्रेनिंग कैंप में शामिल होने की अपनी योजना के बारे में पूछा.

आईपीएल का 14वां सीजन चेन्नई में 9 अप्रैल से शुरू हो रहा है, जिसके लिए मुंबई इंडियंस का कैंप मुंबई में लगा है. इस पर एक फैन ने नीशम से पूछा कि वह कब मुंबई इंडियंस टीम से जुड़ेंगे? नीशम ने जवाब में लिखा, ‘मैं आ रहा हूं लेकिन मैं इस कार्गो शिप के पीछे फंस गया हूं.’ बाएं हाथ का यह खिलाड़ी स्वेज केनल का जिक्र कर रहा था जिसमें एक विशालकाय कार्गो शिप समुद्री मार्ग में टेढ़ा होकर फंस गया था.

इसे भी देखें, मुंबई इंडियंस के कैंप से जुड़े रोहित, सूर्यकुमार और पंड्या ब्रदर्स

आईपीएल के अगले सीजन में आरसीबी से खेलने को तैयार मैक्सवेल ने नीशम के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देने का फैसला किया और उस पर चुटकी ली. मैक्सवेल ने लिखा, ‘बहुत मुश्किल होगा 46, 44, 46 का कैरी बैग लेकर चलना..’ उन्होंने साथ ही इमोजी भी शेयर की. मैक्सवेल दरअसल न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच हाल ही में हुई टी20 सीरीज का जिक्र कर रहे थे, जिसमें उन्होंने नीशम के एक ही ओवर में 28 रन (4, 6, 4, 4, 4 और 6) बनाए थे.

नीशम ने हालांकि मैक्सवेल को बखूबी जवाब दिया और उनकी बोलती सी बंद कर दी. उन्होंने मैक्सवेल को पांच मैचों की टी20 सीरीज के विजेता के बारे में याद दिलाया जिसमें कीवी टीम ने 3-2 से जीत हासिल की. उन्होंने ट्रॉफी के साथ न्यूजीलैंड टीम की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘हाहाहा.. आपको थोड़ी देर बाद सामान उठाने की आदत है.’

मैक्सवेल और नीशम, दोनों ही आईपीएल-2020 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए साथ खेल चुके हैं. अब दोनों खिलाड़ी एक बार फिर एक-दूसरे के खिलाफ खेलते नजर आएंगे. आईपीएल-2021 के शुरुआती मैच में मुंबई इंडियंस की टीम चेन्नई में 9 अप्रैल को आरसीबी टीम से भिड़ेगी.









Source link