क्रिस सिल्वरवुड ने कहा कि इस सीरीज में मिले सबक टी20 वर्ल्ड कप में काम आएंगे (file photo)
इंग्लैंड के हेड कोच क्रिस सिल्वरवुड ने कहा कि भारत की मेजबानी में उसी के खिलाफ जीत दर्ज करना आसान नहीं है. उन्होंने कहा कि भारत अपनी घरेलू परिस्थितियों में बेहद मजबूत टीम है लेकिन इसके बावजूद हमारे लिए कई सकारात्मक पहलू रहे.
सिल्वरवुड ने टीम के स्वदेश रवाना होने से पहले ब्रिटिश मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि इंग्लैंड की टीम जब अक्टूबर-नवंबर में टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत दौरे पर आएगी तो वह अधिक मजबूत होगी. भारत ने रविवार को पुणे के एमसी स्टेडियम में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे में सात रन से जीत दर्ज की और तीनों फॉर्मेट में अपना दबदबा कायम रखा.
इसे भी पढ़ें, बायो-बबल और कोच शास्त्री की कोशिशों ने मजबूत की विराट और रोहित की दोस्ती
उन्होंने कहा, ‘इस दौर में अच्छा, प्रतिस्पर्धी खेल और अच्छी, प्रतिस्पर्धी सीरीज खेली गई. मुझे अपनी टीम पर गर्व है. मुझे इस दौरे पर आने वाले हर खिलाड़ी पर गर्व है.’ सिल्वरवुड ने कहा, ‘खेल के प्रति उनके प्रयास और रवैये पर मुझे गर्व है. मुझे लगता है कि हमने काफी कुछ सीखा और मैं इससे ज्यादा की उम्मीद नहीं कर सकता.’46 वर्षीय पूर्व गेंदबाज सिल्वरवुड ने कहा, ‘हमने टी20 वर्ल्ड कप के लिए बहुमूल्य अनुभव हासिल किया. अगर हम टेस्ट सीरीज पर गौर करें तो उन्होंने काफी सबक सीखे और जब वे फिर से यहां आएंगे तो उन्हें पता रहेगा कि क्या करना है और खेल के लिए क्या बेहतर रणनीति रहेगी.’
भारत को अगस्त से सितंबर के बीच इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है और सिल्वरवुड को लगता है कि उनके खिलाड़ी हिसाब बराबर करने के लिये बेताब होंगे. उन्होंने कहा, ‘ये अनुभव उन्हें लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे. जब वे इंग्लैंड में भारत के खिलाफ खेलेंगे तो इससे उन्हें बदला लेने की प्रेरणा मिलेगी.’
सिल्वरवुड ने कहा, ‘उस सीरीज में ज्यादा समय नहीं है लेकिन हम इंग्लैंड में होने वाली इस सीरीज के लिए तैयार हैं. हमें पता है कि यह बेहद प्रतिस्पर्धी होगी क्योंकि दो बेहतरीन टीमें एक दूसरे से भिड़ेंगी.’
भारत ने इंग्लैंड से पहला टेस्ट गंवा दिया था लेकिन इसके बाद उसने अपने स्पिनरों रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल के अच्छे प्रदर्शन से शानदार वापसी की और सीरीज 3-1 से जीती. सिल्वरवुड ने कहा, ‘यहां जीत दर्ज करना आसान नहीं है और हम यह जानते हैं. भारत अपनी घरेलू परिस्थितियों में बेहद मजबूत टीम है लेकिन इसके बावजूद हमारे लिए कई सकारात्मक पहलू रहे.’