- Hindi News
- Local
- Mp
- Sagar
- Farmers Setting Fire To Narwai In The Fields, Crops Getting Affected Due To The Grip Of Grip
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
सागर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ग्राम मेहका व देहार के पास खेतों में खड़ी नरवाई में लगाई गई आग।
- सागर समेत दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ में सामने आ चुकी हैं फसलों में आग लगने की घटनाएं, नरवाई जलाने पर नहीं लग रहा प्रतिबंध
किसानों ने खेत में खड़ी फसल को हार्वेस्टर से कटवाने के बाद नरवाई जलाना शुरू कर दिया है। जिले में 50 फीसदी से अधिक किसान खेतों में खड़ी नरवाई में आग लगा रहे हैं। इससे आगजनी की घटनाएं बढ़ रही है। स्थिति यह है कि शाम होते ही ग्रामीण इलाकों में किसान नरवाई में आग लगा देते हैं। इससे रात में आग भीषण हो जाती है और हवाओं के चलते आग फैल रही है। ऐसे में आग की चपेट में आसपास के खेतों में खड़ी फसलें व मकान आ रहे हैं।
गुरुवार रात हाईवे स्थित ग्राम मेहका, देहार के पास के खेतों में नरवाई में आग लगाई। आग इतनी भीषण थी कि सड़क किनारे तक पहुंच गई। वहीं आसपास के खेतों में भी लगी। वहीं हाल ही में दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ जिलों में फसलों में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। किसानों की तैयार फसलें आग की चपेट में आने से स्वाहा हो गई। बावजूद इसके प्रशासन नरवाई जलाने पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी नहीं कर रहा है और न ही कार्रवाई की जा रही है।
होशंगाबाद में नरवाई जलाने पर तीन किसानों पर केस दर्ज
नरवाई जलाने वाले किसानों पर जुर्माना और सजा का प्रावधान है। प्रशासन प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर नरवाई जलाने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है। इसी के तहत होशंगाबाद जिला प्रशासन ने नरवाई जलाने वाले किसानों पर सख्ती शुरू की है। प्रशासन ने कार्रवाई कर नरवाई जला रहे तीन किसानों पर धारा 188 और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। सागर जिले में भी प्रशासन को नरवाई जलाने वालों पर सख्ती करने की जरुरत है।
नरवाई जलाने से ये होते हैं नुकसान
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार नरवाई जलाने से खेत की मिट्टी में होने वाले कार्बनिक पदार्थ में कमी आती है। वहीं सूक्ष्मजीव जलकर खत्म हो जाते हैं। भूमि की ऊपरी परत में पौधों के लिए आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध रहते है, जो आग के कारण नष्ट हो जाते हैं। भूमि कठोर होती है। जिस कारण उसकी जलधारण करने की क्षमता कम हो जाती है।