रैना की वापसी से टीम हुई मजबूत
सीएसके का मजबूत पक्ष उसके पास अनुभवी खिलाड़ियों का होना है जो मुश्किल परिस्थितियों में टीम की नैया पार लगाते रहे हैं. धोनी का प्रेरणादायी नेतृत्व टीम का एक अन्य सकारात्मक पहलू है. सुरेश रैना की वापसी से उसकी बल्लेबाजी मजबूत हुई है. पिछले साल उसके बल्लेबाज नहीं चल पाये थे. रैना के अलावा फाफ डुप्लेसिस, धोनी, रॉबिन उथप्पा अंबाती रायडू, रवींद्र जडेजा, सैम करेन, मोईन अली और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी में सीएसके की बल्लेबाजी मजबूत नजर आती है.
टीम का गेंदबाजी आक्रमण भी अच्छा है जिसमें लुंगी एनगिडी, शार्दुल ठाकुर, सैम करेन, इमरान ताहिर, जडेजा और दीपक चहर जैसे गेंदबाज हैं.आइए एक नजर डालते हैं इस साल सीएसके की मजबूत प्लेइंग इलेवन पर.
ओपनर: पिछले सीजन में 24 वर्षीय ऋतुराज गायकवाड़ ने 6 मैच में 51 की औसत से 204 रन बनाए थे. उन्होंने तीन अर्धशतक भी जड़ा है. यह बल्लेबाज अनुभवी खिलाड़ी फाफ डुप्लेसिस के साथ ओपनिंग कर सकता है. वहीं टीम ने इस बार रॉबिन उथप्पा को भी जोड़ा है जिन्होंने शीर्ष क्रम में खेलने की इच्छा जताई है. हाल में ही उथप्पा ने विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. धोनी के पास सैम करेन का भी विकल्प है जिन्होंने भारत के खिलाफ आखिरी वनडे मैच में 95 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा चेन्नई ने चेतेश्वर पुजारा को भी टीम में शामिल किया है. अगर उन्हें खेलने का मौका मिलता है तो संभवत: वह ओपनिंग ही करेंगे.
मध्य क्रम: सुरेश रैना के आने से चेन्नई का मिडिल आर्डर मजबूत होगा. इस बल्लेबाज ने 193 मैचों में 137 की स्ट्राइकर रेट से 5368 रन बनाए हैं. रैना अपनी पसंदीदा जगह तीन नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं. इसके बाद चौथे नंबर खुद महेंद्र सिंह धोनी उतर सकते हैं. टीम के पास अंबाती रायडू भी हैं जो काफी अनुभवी हैं.
ऑल राउंडर्सः सीएसके के पास ऑलराउंडर्स की भरमार हैं. टीम के पास तेज गेंदबाजी में सैम करेन, शार्दुल ठाकुर और ड्वेन ब्रावो जैसे खिलाड़ी हैं जो बड़े हिट्स लगाते हैं. इसके अलावा स्पिन ऑलराउंडर में मोईन अली, रवींद्र जडेजा, मिशेल सैंटनर और कृष्णप्पा गौतम का विकल्प है. गौतम को सीएसके ने इस बार 9.25 करोड़ रुपये में खरीदा है. सैम करेन के फॉर्म और ब्रावो के अनुभव को देखते हुए उनका खेलना तय है. रवींद्र जडेजा के साथ मोईन अली या गौतम में से किसी एक को मौका मिलेगा.
गेंदबाज: चेन्नई के पास दीपक चाहर मौजूद हैं. जोश हेजलवुड के हट जाने के बाद अब दक्षिणी अफ्रीकी खिलाड़ी लुंगी एनगिडी गेंदबाजी की कमान संभाल सकते हैं. लेग स्पिनर में टीम के पास इमरान ताहिर और कर्ण शर्मा का विकल्प है. पिछले सीजन में शर्मा ने पांच मैचों में 5 विकेट लिए थे जबकि ताहिर ने तीन मैचों में सिर्फ एक विकेट मिला था.
आईपीएल 2021 के लिए सीएसके की संभावित प्लेइंग XI: ऋतुराज गायकवाड़, फाफ डुप्लेसिस, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी, रवींद्र जडेजा, मोईन अली, सैम करेन, ड्वेन ब्रावो, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, कर्ण शर्मा/कृष्णप्पा गौतम
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम इस प्रकार है : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), रॉबिन उथप्पा सुरेश रैना, अंबाती रायडू, केएम आसिफ, दीपक चहर, ड्वेन ब्रावो, फाफ डुप्लेसिस, इमरान ताहिर, एन जगदीशन, कर्ण शर्मा, लुंगी एनगिडी, मिशेल सेंटनर, रवींद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड़, शार्दुल ठाकुर, सैम करेन, आर साई किशोर, मोईन अली, कृष्णप्पा गौतम, चेतेश्वर पुजारा, हरिशंकर रेड्डी, भगत वर्मा, सी हरि निशांत.