- Hindi News
- Local
- Mp
- Rapidly Growing Corona Infection In Jabalpur, Gwalior, Bhopal, 77.3% Beds Filled In Indore
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
प्रतीकात्मक फोटो
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश के चार बड़े शहर जबलपुर, ग्वालियर, इंदौर और भोपाल में हालात बेकाबू हैं। भोपाल में सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान खुली जीप में निकलकर लोगों से मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील करने निकलने वाले हैं।
जबलपुर में रविवार को 1917 सैंपल की रिपोर्ट में 236 संक्रमित मिले। यहां आंकड़ा 20 हजार पार कर गया है। 1519 एक्टिव केस हैं। 18233 लोग कोरोना पर जीत भी हासिल कर चुके हैं। चिंताजनक बात यह है कि सितंबर 2020 में जिस तरह तेजी से मरीजों की संख्या बढ़ी थी, वही स्थिति अप्रैल 2021 में है।
ग्वालियर में रविवार को 146 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 5 ऐसे लोग हैं जो रेलवे स्टेशन पर हुए टेस्ट में संक्रमित पाए गए हैं। राहत की बात यह रही है कि रविवार को किसी की भी कोरोना से मौत नहीं हुई है और 63 संक्रमित डिस्चार्ज होकर अपने घर के लिए गए हैं। कोरोना संक्रमित का कुल आंकड़ा 19579 हो गया है। अभी तक कुल मौतें 319 ही रही हैं। 31 मार्च से लेकर 4 अप्रैल तक हर दिन कोरोना संक्रमितों ने शतक लगाया है। लगातार कोरोना संक्रमित का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। बीते पांच दिन में 600 के लगभग संक्रमित मिले चुके हैं। रविवार को 1588 सैंपल में से 146 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके बाद कुल संक्रमित का आंकड़ा 19579 पर पहुंच गया है। अभी तक कुल डिस्चार्ज लोगों का आंकड़ा 17004 हो गया है। कुल एक्टिव केस 901 हो गए हैं। सोमवार को लिए 1392 सैंपल लिए गए हैं। इसके साथ ही जिले के 16 अस्पतालों में 25 फीसदी बेड संक्रमित से भर चुके हैं।
भोपाल में कोरोना को लेकर आंकड़ों में गड़बड़ी का खेल जारी है। रोज नए मरीजों की संख्या से लेकर कोविड से जान गंवाने वालों तक के आंकड़े छिपाए जा रहे हैं। यही वजह है कि सरकारी आंकड़े की सुई पिछले पांच दिन से एक-दो पर ही अटकी हुई है। इन पांच दिनों में 60 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। हर रोज औसतन 12 मौतें हो रही हैं। इन मौतों का रिकॉर्ड भदभदा, सुभाष नगर विश्रामघाट और झदा कब्रस्तान में दर्ज है। भोपाल 4400 सैंपल की जांच हुई, जिसमें 547 पॉजिटिव मिले। अब करीब 4500 एक्टिव केस हो गए हैं।
इंदौर में रविवार को अब तक के सर्वाधिक 788 नए पॉजिटिव मिले। 3 मरीजों की मौत हो गई। एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 5589 पर पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा है। इधर, अस्पतालों में तेजी से बेड भर रहे हैं। सबसे ज्यादा समस्या ICU बेड की आ रही है। 69 निजी और चार सरकारी अस्पतालों में कुल 1006 ICU बेड हैं, इनमें से 773 यानी 77.3% बेड फुल हैं।
वैक्सीनेशन
रविवार को इंदौर और भोपाल में लॉकडाउन होने के बाद भी बड़ी संख्या में लोग वैक्सीनेशन सेंटर डोज लगवाने पहुंचे। भोपाल में रविवार शाम 6:30 बजे तक 8 हजार से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवा चुके थे, जबकि इंदौर में 4 हजार से ज्यादा लोगों ने डोज लिया। प्रदेश भर में रविवार को 18 हजार 582 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। हालांकि 30 जिलों में किसी ने भी टीका नहीं लगवाया। भोपाल और इंदौर के बाद मुरैना में सबसे ज्यादा 1200 से अधिक और रतलाम में 900 से ज्यादा लोग वैक्सीन सेंटर पहुंचे।
हमने टीका लगवाओ है, सो सब जने लगवाओ, कछू दिक्कत नइयां
सागर जिले में सबसे उम्रदराज 118 साल की वृद्धा ने कोरोना वैक्सीन लगवाई है। खुरई ब्लॉक के खिमलासा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची 118 साल की तुलसाबाई पति मोती बंजारा निवासी सरदारपुर ने कोरोना का टीका लगवाया। टीका लगवाकर बोलीं- सब लगवाओ कोरोना का टीका। कुछ दिक्कत नहीं हो रही। केंद्र के डॉ. भूपेंद्र कुर्मी ने बताया कि महिला के आधार कार्ड पर उसकी जन्मतिथि 1 जनवरी 1903 लिखी है। इस प्रकार उनकी उम्र 118 साल की है। अब तक 100 साल से ऊपर की दो महिलाओं ने टीका लगवाया है। स्वास्थ्य केंद्र पर तुलसा टीका लगवाने पहुंची। जैसे ही उनका आधार कार्ड स्वास्थ्यकर्मियों ने देखा तो दंग रह गए। उनकी उम्र 118 साल थी लेकिन वह स्वस्थ और चल पा रही थी। तुलसा ने कोरोना की टीका लगवाया। इसके बाद उन्होंने सभी लोगों से कोरोना का टीका लगवाने की अपील की। उन्होंने बुंदेलखंडी भाषा में बोलते हुए कहा कि हमने टीका लगवाओ है, सो सब जने लगवाओ, कछू दिक्कत नइयां।