पहले जानते हैं कि आखिर फखर ‘फेक’ फील्डिंग का कैसे शिकार हुए. मुकाबले के आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 31 रन की जरूरत थी और फखर जमां क्रीज पर जमे थे. पेसर लुंगी गिडी के पारी के अंतिम ओवर की पहली ही गेंद पर एडिम मार्करम ने गेंद को डीप लॉन्ग ऑफ से थ्रो किया, विकेटकीपर क्विंटन डि कॉक ने गेंद को पकड़ने से पहले नॉन-स्ट्राइकर छोर की तरफ इशारा किया. जमां ने इसी दौरान पीछे मुड़कर देखा, इसी के कारण उनकी रफ्तार धीमी हो गई. गेंद सीधे विकेटों पर लगी और फखर का बल्ला हवा में ही रह गया. बाद में क्विंटन हंसते-मुस्कुराते नजर आए. इसी पर ‘फेक फील्डिंग’ या ‘धोखे से आउट करना’ जैसी बातें सोशल मीडिया पर की जा रही हैं. कुछ ने इसे खेल भावना के खिलाफ तक बताया.
इसे भी पढ़ें, फखर जमां ने चेज करते हुए वनडे इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेली, पाकिस्तान फिर भी निराश!
कब होती है फेक फील्डिंगनियम 41.5 के अनुसार, ‘फेक फील्डिंग’ तक होती है, जब किसी भी फील्डर के लिए जानबूझकर, अपने शब्दों या एक्शन से, स्ट्राइकर बल्लेबाज के गेंद खेलने के बाद किसी भी तरह से बल्लेबाज का ध्यान भटकाना, बहकाना या बाधा पैदा की जाए. नियम 41.5.2 के अनुसार, अंपायर का दायित्व ऐसे में अहम होता है. नियम के मुताबिक, ‘यह दोनों में से किसी भी अंपायर का दायित्व है कि वह तय करे कि बहकाना, ध्यान भटकाना या बाधा उत्पन्न करना जानबूझकर किया गया है या नहीं.’
पेनल्टी तक का है नियम
इसके लिए विपक्षी टीम पर पेनल्टी तक लगाई जा सकती है. यदि अंपायर को लगता है कि किसी भी फील्डर ने जानबूझकर ऐसा किया है तो वह गेंद पर आउट हुए खिलाड़ी को नॉटआउट करार दे सकता है. इतना ही नहीं, गेंद को डेड बॉल तक करार दे दिया जाएगा. पेनल्टी के तौर पर बल्लेबाजी गेंदबाजी वाली टीम को इसका हर्जाना भुगतना होगा और बल्लेबाजी करने वाली टीम को पांच रन भी अतिरिक्त मिलेंगे. उस गेंद पर बने रन भी टीम को मिलेंगे. इसके अलावा बल्लेबाज यह चुनेगा कि अगली गेंद किसे खेलनी है.
इसे भी देखें, ‘फेक फील्डिंग’ से डि कॉक ने फखर जमां को किया रन आउट
पाकिस्तान को मिलते 7 रन?
यदि दूसरे वनडे में अंपायर को लगता कि यह नियमों के खिलाफ हुआ तो वह बल्लेबाजी करने वाली टीम यानी पाकिस्तान को 7 रन दे देते. इसमें पेनल्टी के तौर पर 5 रन और दौड़कर पूरे किए गए 2 रन और मिलते. इसके अलावा फखर जमां ही तय करते कि अगली गेंद को कौन खेलेगा. हालांकि वह स्ट्राइकर एंड पर थे तो वह ही अगली गेंद को खेलने के लिए तैयार होते.
दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज की बराबर
मैच में कप्तान तेंबा बावुमा (92), क्विंटन डि कॉक (80), वैन डेर (60) और डेविड मिलर (50*) की पारियों की मदद से 50 ओवर में 6 विकेट पर 341 रन का बड़ा स्कोर बनाया. लक्ष्य का पीछा करते हुए फखर जमां (193) से वनडे की सबसे बड़ी पारी खेली लेकिन पाकिस्तान 50 ओवर में 9 विकेट पर 324 रन ही बना सका. फखर जमां ने 155 गेंद पर 18 चौके और 10 छक्के लगाए. तीन मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है. पाकिस्तान ने सेंचुरियन में खेला गया पहला वनडे तीन विकेट से जीता था. अब तीसरा और निर्णायक वनडे मैच 7 अप्रैल को सेंचुरियन के सुपर स्पोर्ट पार्क में खेला जाएगा.