Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
खंडवा33 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फाइल फोटो।
कोरोना के तेजी से बढ़ रहे संक्रमण को लेकर प्रशासनिक स्तर से एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया जाने लगा है। पुनासा तहसीलदार सीमा मौर्य ने मंगलवार को थाना प्रभारी मोहन सिंह सिंगोरे, राजस्व निरीक्षक सुधांशु गीते के साथ बाजार का भ्रमण कर आमजनों व दुकानदारों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की हिदायत दी।
सड़क किनारे विराज किराना दुकान पर ग्राहकों की भीड़ देखकर तहसीलदार सीमा मौर्य ने किराना दुकान को आगामी आदेश तक सील कर हस्ताक्षर युक्त पर्चा भी चस्पा किया। प्रशासन की यह कार्रवाई देख कर अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया। प्रशासन के इस कड़े रुख से दुकानदारों ने ग्राहकों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया। इधर नायब तहसीलदार कुणाल आवासिया और एएसआई संजय आहिर ने संयुक्त कार्रवाई कर 43 लोगों के चालान बनाकर 4300 रुपए जुर्माना वसूला।
भीड़ एकत्र करने पर डॉक्टर पर केस, दवाखाना सील
इमलीपुरा क्षेत्र में दवाखाना के बाहर तक भीड़ एकत्र कर लोगों का इलाज कर रहे बीयूएमएस डॉक्टर मुदस्सर पिता शेख शब्बीर निवासी एमएलबी स्कूल के पास शिक्षक नगर का इमलीपुरा स्थित नोबल दवाखाने को जिला प्रशासन ने सोमवार रात सील कर दिया।
आरोपी द्वारा कलेक्टर के आदेशों का उल्लंघन कर दवाखाने पर भीड़ एकत्र की गई थी। मोघट थाना पुलिस ने धारा 188 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया। गौरतलब है कि इमलीपुरा क्षेत्र में कथित डॉक्टरों द्वारा सर्दी, खांसी व बुखार का इलाज कर मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में इलाज की सलाह दी जाती है। डॉक्टरों द्वारा यूनानी की जगह एलोपैथिक पद्धति से नियम विरुद्ध उपचार किया जा रहा है।