- Hindi News
- Local
- Mp
- Ujjain
- Angry Activists Swarmed With Police After BJP Mandal President’s Death, Ran To Kill Additional Collector, Tried To Kick The Door And Break It
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
माधव नगर अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से झूमाझटकी की।
- माधवनगर अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से 5 मौत
- प्रबंधन ने पल्ला झाड़ा, कहा- लंग्स इंफेक्शन की वजह से मौत हुई
उज्जैन में बुधवार रात माधव नगर अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी के चलते 5 मरीजों ने दम तोड़ दिया। मरने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र शेरे भी थे। इससे गुस्साए समर्थकों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से भी धक्का-मुक्की की। साथ ही, अस्पताल के प्रभारी और विकास प्राधिकरण के सीईओ सुजान सिंह रावत को भी मारने के लिए पहुंचे। उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने लात मारकर दरवाजा तोड़कर अधिकारी के साथ मारपीट करनी चाही। अस्पताल प्रभारी सुजान सिंह रावत का कहना है, जिन मरीजों की मौत हुई है, उन सभी को लंग्स में इंफेक्शन था। ऑक्सीजन की कमी की वजह से मौत नहीं हुई।
परिजन का आरोप, ऑक्सीजन की कमी से मौत
अस्पताल में 123 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 60 फीसदी मरीजों को ऑक्सीजन दी जा रही है। बुधवार को आपूर्ति नहीं होने से रात करीब 12 बजे ऑक्सीजन की कमी होने लगी। केवल आधे घंटे तक मरीजों को दी जा सकने जितनी ऑक्सीजन बची थी। इस बीच बीजेपी के मंडल अध्यक्ष जितेंद्र शेरे ने सोशल मीडिया ग्रुप पर मैसेज डाला कि माधव नगर अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म होने से मरीजों की जान खतरे में है। ये स्टेटस देर रात 11.50 बजे डाला गया। इसके बाद अस्पताल के फेल सिस्टम ने ही एक के बाद एक 5 मरीजों की जान ले ली। जितेंद्र की पत्नी ने आरोप लगाया कि कल तक सब ठीक था। रात को बात भी हुई। उन्होंने ही बताया कि ऑक्सीजन खत्म हो रही है, जान खतरे में है।
अस्पताल प्रबंधन ने शर्मा ने कहा- 8 मौत हुई
उज्जैन में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों के कारण शहर में ऑक्सीजन की कमी होने लगी है। माधव नगर अस्पताल के प्रभारी डॉ. भोजराज शर्मा ने बताया कि पिछले 36 घंटे में माधव नगर अस्पताल में 8 से अधिक मरीजों की मौत हो चुकी है। यह सभी मौत लंग्स में इंफेक्शन के कारण हुई। डॉ. शर्मा ने यह मानने से इनकार किया कि ऑक्सीजन की कमी के चलते 8 मरीजों की जान चली गई है। सवाल यह उठ रहा है कि यदि सब कुछ सही था, तो देर रात बीजेपी के मंडल अध्यक्ष ने क्यों यह मैसेज लिखा कि ऑक्सीजन खत्म हो रही है, जान खतरे में है।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने की गुंडागर्दी
मंडल अध्यक्ष जितेंद्र की मौत से गुस्साए बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने पहले तो माधव नगर अस्पताल में पत्थर फेंके और फिर पुलिसकर्मियों के साथ झूमा झटकी की। अपर कलेक्टर सुजान सिंह रावत को मारने के लिए दौड़े। जहां रावत ने खुद को बचाने के लिए कमरे में बंद कर लिया। कार्यकर्ता वहां भी पंहुच गए। दरवाजा खुलवाने के लिए लात मारने लगे। करीब 20 मिनट तक अस्पताल में अराजकता का माहौल बना रहा। बीजेपी के नेता ओम जैन ने अपने कार्यकर्ताओं की गलती से इंकार कर दिया और ऐसी किसी भी घटना से अनभिज्ञता जाहिर कर दी।