TOP 10 Sports News: 7 अप्रैल की 10 बड़ी खबरें.
पाकिस्तान ने साउथ अफ्रीका को वनडे सीरीज में हराया, भारत में लगातार कोरोना बढ़ रहा है जिसका असर अब आईपीएल से लेकर टी20 वर्ल्ड कप पर पड़ सकता , जानिए 7 अप्रैल की TOP 10 Sports News
नई दिल्ली. 7 अप्रैल का दिन पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आया वहीं सानिया मिर्जा को भी बड़ी खबर मिली है. भारत में कोरोना वायरस लगातार बढ़ रहा है जिसका असर अब खिलाड़ियों पर दिखाई दे रहा है. कोरोना के चलते भारत में होने वाली कई बड़ी प्रतियोगिताओं पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं. आइए आपको बताते हैं बुधवार की टॉप 10 न्यूज (TOP 10 Sports News)
पाकिस्तान ने साउथ अफ्रीका को वनडे सीरीज में 2-1 से मात दी. तीसरे वनडे में पाकिस्तान ने 28 रनों से जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 50 ओवर में 322 रन बनाए, जवाब में मेजबान टीम 292 रनों पर सिमट गई. पाकिस्तान की जीत में ओपनर फखर जमां ने 101 रनों की पारी खेली. वहीं कप्तान बाबर आजम ने 94 रन बनाए.
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के ऑस्ट्रेलियाई आलराउंडर डेनियल सैम्स नौ अप्रैल से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग से पहले बुधवार को कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए लेकिन सलामी बल्लेबाज देवदत्त पड्डिकल इस घातक वायरस से उबरने के बाद टीम से जुड़ गए हैं. आरसीबी के ट्विटर हैंडल पर जारी बयान के अनुसार 28 साल के ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर सैम्स तीन अप्रैल को भारत पहुंचे थे और उस समय उनके पास कोविड-19 परीक्षण की नेगेटिव रिपोर्ट थी.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ज्योफ अलार्डिस ने बुधवार को कहा कि उनके पास इस साल आखिर में भारत में होने वाले टी20 विश्व कप के लिये ‘बैकअप’ (दूसरी) योजना है लेकिन इस समय देश में कोविड-19 मामलों में बढ़ोतरी के बावजूद इसे हटाने के किसी भी विचार के बारे में नहीं सोच रहे हैं. टी20 विश्व कप का आयोजन भारत में अक्टूबर-नवंबर में किया जायेगा, लेकिन पिछले कुछ दिनों में देश में रोज एक लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं. कोविड-19 मामलों के बढ़ने के बावजूद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) दर्शकों के बिना खाली स्टेडियमों में शुक्रवार से चेन्नई में शुरू होने वाली है.
बायें हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन ने कहा कि पिछले साल इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें धीमे बाउंसर और कटर डालने की सलाह दी थी जिससे उन्हें अपने कौशल को निखारने में मदद मिली. तीस साल के नटराजन ने पिछले आईपीएल में तेज गेंदबाजों के बीच सर्वाधिक 71 यॉर्कर फेंकी और वह धोनी और एबी डिविलियर्स जैसे बड़े नामों को आउट करने में सफल रहे थे.
नेत्रा कुमानन बुधवार को ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला नौकाचालक बनीं. उन्होंने ओमान में एशियाई क्वालीफायर की लेजर रेडियल स्पर्धा में शीर्ष स्थान पर रहकर यह उपलब्धि अपने नाम की. 23 साल की नेत्रा लेजर रेडियल क्लास स्पर्धा में अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी और हमवतन रम्या सरवनन पर 21 अंक की बढ़त बनाये थीं. इस स्पर्धा की एक अंतिम रेस गुरूवार को होगी. चेन्नई की नेत्रा के मुसानाह ओपन चैम्पियनशिप में अभी 18 अंक हैं और नेत्रा के 39 अंक हैं जो संयुक्त एशियाई और अफ्रीकी ओलंपिक क्वालीफाइंग प्रतियोगिता है. नौकायन में जिस खिलाड़ी के सबसे कम अंक होते हैं, वह प्रतियोगिता जीतता है.
रूसी ओलंपिक चैंपियन आंद्रेई सिलनोव और नताल्या एंट्यूक को डोपिंग अपराधों के लिये चार . चार साल के लिये प्रतिबंधित कर दिया गया है. सिलनोव और एंट्यूक दोनों पर पिछले साथ प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन का उपयोग करने का आरोप लगा था. यह आरोप 2016 में रूसी डोपिंग की जांच कर रहे विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने लगाये थे. सिलनोव ने 2008 में बीजिंग ओलंपिक खेलों में पुरुषों की ऊंची कूद का स्वर्ण पदक जीता था जबकि एंट्यूक ने लंदन ओलंपिक 2012 में महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में सोने का तमगा हासिल किया था.
ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुकी छह बार की विश्व चैम्पियन एम सी मैरीकॉम (51 किग्रा) 21 से 31 मई तक यहां होने वाली एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में भारतीय महिला टीम की चुनौती की अगुआई करेंगी. मैरीकॉम छह बार की एशियाई पदकधारी हैं, जिसमें पांच स्वर्ण पदक शामिल हैं. उन्होंने 2019 में पिछले चरण इस प्रतियोगिता में नहीं खेलने का फैसला किया था. उन्होंने एक साल पहले ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने के बाद अपने पहले प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट में हाल में स्पेन में कांस्य पदक जीता था.
भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के भोपाल केंद्र में 24 खिलाड़ी और 12 सहयोगी स्टाफ सदस्य कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाये गये हैं लेकिन इनमें से कोई भी ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाला एथलीट नहीं है. साइ के अनुसार तीन और छह अप्रैल को एहतियात के तौर पर दो दौर में जांच करवायी गयी थी जिसके बाद ये मामले सामने आये.
भारत की 15 सदस्यीय जूडो टीम को किर्गिस्तान के बिशकेक में चल रहे एशिया-ओसियाना ओलंपिक क्वालीफायर से बाहर होने को बाध्य होना पड़ा जब टूर्नामेंट की शुरुआत से ठीक पहले उसके दो खिलाड़ी अजय यादव और रितु कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए. किर्गिस्तान में पहुंचने के बाद दूसरे परीक्षण में यादव (73 किग्रा) और रितु (52 किग्रा) को पॉजिटिव पाया गया और दोनों में ही लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं. यह पहला मौका है जब इस घातक संक्रमण में कारण भारतीय टीम का ओलंपिक क्वालीफायर अभियान पटरी से उतर गया.
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को सरकार की ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम’ योजना (टॉप्स) में शामिल किया गया. 34 साल की सानिया ने चोट के कारण चार साल पहले 2017 में टॉप्स योजना से हटने का फैसला किया था. उन्हें मिशन ओलंपिक इकाई की 56वीं बैठक के दौरान टॉप्स में शामिल किया गया.