- Hindi News
- National
- In Gwalior, The Highest Number Of 323 Infected So Far In Corona Period, One Killed
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- कोरोना रोकने 60 घंटे का लॉकडाउन शुक्रवार शाम से है लागू
ग्वालियर में कोरोना संक्रमण अपने पीक पर पहुंच चुका है। शुक्रवार को 323 नए संक्रमित मिले हैं। जिले के कोरोना काल में यह अब तक के एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं। लगातार दूसरा दिन है जब 300 से ज्यादा संक्रमित ग्वालियर में मिले हैं। गुरुवार को भी 315 नए संक्रमित मिले थे। शुक्रवार को एक कोरोना संक्रमित की उपचार के दौरान मौत भी हुई है। साथ ही कुल संक्रमित का आंकड़ा 20868 पर पहुंच गया है। कोरोना को रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस लगातार प्रयास कर रहे हैं। लगातार बैठकों का दौर जारी है। सड़कों पर जागरूक करने के साथ सख्ती का भी प्रयोग किया जा रहा है। शुक्रवार को जिले में 95 सेंटर पर 8492 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। इसमें 7770 को पहला डोज और 722 को दूसरा डोज लगा है।
कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए साक्षात यमराज शहर में घूमते हुए
देश के अन्य राज्यों की तरह मध्य प्रदेश में भी कोरोना की दूसरी लहर का असर काफी तेजी से दिख रहा है। प्रदेश में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ राज्य की सीमाओं से लगे शहरों में कोरोना बेकाबू हो गया है। इसलिए दोनों राज्यों से जुड़ी प्रदेश की सीमाओं पर बहुत सख्ती है। बीतें कुछ दिनों में ग्वालियर में कोरोना संक्रमित का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है। मार्च 2021 में कोरोना ने स्पीड पकड़ी थी, लेकिन अप्रैल ने तो सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते दो दिन में 638 कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। यही कारण है कि प्रदेश के सभी शहरों में शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन लगाया गया है।
क्या कहते हैं आंकड़े
शुक्रवार को 2165 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई है, इनमें से 323 संक्रमित निकले हैं। इसके बाद कुल आंकड़ा 20868 हो गया है। शुक्रवार को शब्द प्रताप आश्रम निवासी 70 वर्षीय विनोद कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई है। यह 1 अप्रैल कोरोना संक्रमित आए थे और तभी से अस्पताल में भर्ती थे। इस एक मौत के साथ ही कुल मौत 323 हो गई हैं। शनिवार के लिए 1971 सैंपल लेकर भेजे गए हैं। एक्टिव केस बढ़कर 1782 हो गए हैं। शुक्रवार को 20 से ज्यादा जगह माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।
अब तक 18 बार संक्रमितों की संख्या पहुंची 200 पार
ग्वालियर में पहली बार संक्रमितों की संख्या 200 के पार 3 अगस्त को आई थी। इस दिन 203 मरीज मिले थे। अगस्त माह में 4 दिन 200 से अधिक संक्रमित मिले थे। सबसे ज्यादा सितंबर 2020 में 11 बार कोरोना संक्रमितों की संख्या 200 से अधिक रही थी। अप्रैल 2021 में अब तक 3 दिन 200 से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं, बल्कि दो दिन 8 और 9 अप्रैल को तो 300 पार हो चुके हैं।
यमराज बनकर लोगों को जागरूक किया
शुक्रवार दोपहर DSP ट्रैफिक नरेशबाबू अन्नोटिया ने शहर की सड़कों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए नया तरीका निकाला। पुलिस ने दो लोगों को यमराज और कंकाल का रूप देकर सड़कों पर लोगों को जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि वह कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं करेंगे तो यमराज को खुद घर बुलाएंगे।