Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
सिहोरा2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति रहेगी जारी, जगह-जगह चलाए जा रहे जागरुकता अभियान
कोरोना की चेन तोडऩे के लिए नगरीय क्षेत्र सिहोरा और खितौला में शुक्रवार की शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक 60 घंटे का लॉकडाउन लागू हो गया। कोरोना मरीजों की बढ़ी संख्या के चलते यह निर्णय लिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार को मुनादी के माध्यम से लोगों को लॉकडाउन की जानकारी दी। वहीं, लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जारी रहेगी। फल, सब्जियां, दूध की आपूर्ति होगी। वहीं कोरोना रिपोर्ट में 5 लोगों में संक्रमण की पुष्टि भी हुई है। इनमें 4 सिहोरा नगर के वहीं एक व्यक्ति ग्रामीण क्षेत्र का है।
बीएमओ डॉ. दीपक गायकवाड़ ने बताया, 5 नए संक्रमित मिलने से ब्लॉक में मरीजों का आंकड़ा 36 हो गया है। वहीं, गोसलपुर में पूर्व में मिले दो पॉजिटिव को तबीयत बिगडऩे पर जबलपुर रेफर किया गया है। एसडीएम जेपी यादव ने बताया, शनिवार और रविवार को टोटल लॉकडाउन रहेगा।
इस दौरान मेडिकल स्टोर्स, दूध डेयरी, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, बैंक व बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों को छूट रहेगी। मीडिया कर्मी भी कवरेज कर सकेंगे। अन्य किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियां प्रतिबंधित की गई हैं। सभी निजी, शासकीय संस्थाएं, दुकान, होटल, मंडी बंद रहेेगी। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
झंडा बाजार बना माइक्रो कंटेनमेंट जोन
सीएमएओ जयश्री चौहान ने बताया, बढ़ते संक्रमण को देखते हुए झंडा बाजार को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसके अलावा शुक्रवार को प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी सड़कों पर दौड़ते नजर आए। भीड़ से बचने की लोगों को सलाह दी। मास्क नहीं पहनने पर चालान भी काटे।
गोसलपुर: कोरोना को लेकर व्यापारियों की बैठक आज- तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए व्यापारियों व आम नागरिकों की बैठक गोसलपुर थाने में हुई। इसमें गोसलपुर, कछपुरा, जुझारी, बरनू तिराहा, स्टेशन तिराहा के व्यापारी शामिल होंगे। बैठक में कोरोना की चेन तोडऩे के लिए सप्ताह में एक दिन के बंद का ऐलान किया जा सकता है। थाना प्रभारी संजय भलावी ने सभी से बैठक में शामिल होने की अपील की है।
सिलौंड़ी: 6 बजते ही बंद कराया बाजार – सिलौंडी क्षेत्र में शाम 6 बजे तक राजस्व और पुलिस बल ने सिलौंड़ी, नेगाई, हल्का, कछार गांव बड़ा, दशरमन का पूरा मार्केट बंद कराया। सभी दुकान संचालकों को सोमवार सुबह 6 बजे तक दुकान न खोलने के निर्देश दिए गए। नायब तहसीलदार ने हल्का नाका में उपस्थित कर्मचारियों को जबलपुर से आने वाले सभी वाहनों को रोकने के निर्देश दिए।
यह भी कहा कि यात्रियों के आने-जाने कारण पता करने के साथ उनका फोन नंबर जरूर नोट करें। बिना काम आने वाले को प्रवेश न दें। इसके अलावा नायब तहसीलदार सुनीता मिश्रा, प्रभारी तहसीलदार हरिसिंह धुर्वे, थाना प्रभारी अर्चना सिंह, चौकी प्रभारी आरबी मिश्रा, पटवारी अशोक सिंह बागरी ने हल्का नाका सहित पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।
बरेला: पुलिस ने चलाया जागरुकता अभियान
गौर चौकी क्षेत्र में पुलिस ने अभियान चलाकर लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया। थाना प्रभारी सुनील चौहान ने बताया, दुकानों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं। लोगों से आग्रह किया जा रहा है कि वे बिना मास्क वाले ग्राहक को सामग्री न दें। गौर तिराहे पर स्थित दुकानों में पोस्टर लगाए गए।
गोसलपुर में पोस्टर से कर रहे जागरूक – कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए गोसलपुर पुलिस ने अनूठी पहल की है। थाना प्रभारी संजय भलावी ने बताया, पुलिस ने जगह-जगह बैनर और पोस्टर लगाए हैं। पोस्टर में कोरोना से बचाव के उपाय की जानकारी दी गई है। लोगों को दो गज की दूरी अपनाने और मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
गोसलपुर में निजी क्लीनिक सील- रोको-टोको अभियान के तहत शुक्रवार को तहसीलदार राकेश चौरसिया ने कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर गोसलपुर में डॉ. आशीष अग्रवाल की क्लीनिक को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्लीनिक में मरीजों के बीच फिजिकल डिस्टेंसिंग नहीं थी। इस दौरान नायब तहसीलदार राहुल मेश्राम एवं थाना प्रभारी संजय भलावी मौजूद रहे।