मध्य प्रदेश की पर्यटन मंत्री ने नया विवाद खड़ा कर दिया है.
ऐसे भागेगा Corona: मध्य प्रदेश की पर्यटन मंत्री ऊषा ठाकुर. मंत्री हमेशा किसी न किसी बात को लेकर चर्चा में रहती हैं. इस बार नया विवाद है इंदौर एयरपोर्ट पर पूजा. पूजा वो भी बिना मास्क के.
पर्यटन मंत्री ऊषा ठाकुर ने ये पूजा 9 अप्रैल को की थी. इस दौरान एयरपोर्ट डायरेक्टर आर्यमा सन्यास सहित पूरा स्टाफ मौजूद था. पूजा के दौरान मंत्री पूरे भक्तिभाव में डूबी दिखाई दीं और तालियां बजाईं. उन्होंने मां अहिल्या के चरणों में नारियल अर्पित किया और फिर आरती की.
अक्सर विवादों में रहती हैं मंत्री, लगा था डकैती का आरोप
गौरतलब है कि ऊषा ठाकुर सार्वजनिक जगहों पर बिना मास्क के आसाना से दिख जाती हैं. उनका कहना है कि जो पूजा-अर्चना करता है वो कोरोना से बच जाता है. उनका कहना है कि घर पर हवन करने से घर सैनेटाइज हो जाता है. बता दें, हाल ही में उषा ठाकुर पर डकैती का आरोप लगा था. वन मंत्री विजय शाह ने इस मामले की जांच के आदेश दिए थे. वन विभाग के एक कर्मचारी की शिकायत पर जांच की गई थी. यह जांच पीसीसीएफ स्तर के अधिकारी से कराई गई थी. जानकारी के मुताबिक, जांच के लिए टीम का गठन भी कर दिया गया था.ये था मामला
बड़गोंदा पुलिस थाने में वन विभाग की तरफ से एक आवेदन दिया गया था. उसमें मंत्री उषा ठाकुर और उनके समर्थकों पर जब्त की गई जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली ले जाने का आरोप था. यह आवेदन राम सुरेश दुबे नाम के वनपाल ने दिया था. उनका आवेदन और एक वीडियो भी सामने आया था. इस आवेदन के बाद पुलिस विभाग और वन विभाग के हाथ-पांव फूले गए थे. मामला क्षेत्र के आड़ा पहाड़ का है, जहां पिछले दिनों बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन हो रहा था.