जानकारी के मुताबिक, सेन का इलाज कुछ दिनों से हमीदिया अस्पताल में चल रहा था. एक महीने पहले ही उन्होंने अपनी बेटी की शादी की थी. अब तक भोपाल में 4 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है, जबकि अधिकारी और पुलिसकर्मी मिलाकर 300 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं.
कई अस्पतालों में चल रहा पुलिसकर्मियों का इलाज
जानकारी के मुताबिक, कई पुलिसकर्मियों का 70 से ज्यादा का अस्पतालों में इलाज चल रहा है. इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जाती है. RI दीपक पाटिल ने बताया कि मूलत: नरसिंहपुर के रहने वाले SI कुंजीलाल सेन बागसेवनिया थाने में पदस्थ थे. कुछ दिन पहले ही उनका निशातपुरा से बागसेवनिया थाने में तबादला किया गया था. वह नेहरू नगर पुलिस लाइन में परिवार के साथ रहते थे.अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी श्रद्धांजलि
वहीं, देवास के SI अशोक पटेल का भी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था. हाल ही में उनका प्रमोशन भी हुआ था. इस प्रमोशन के बाद उन्हें बधाइयां भी मिली थीं. उनका अंतिम संस्कार विधिवत किया गया. देवास पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, एएसपी मंजीत सिंह चावला, ट्रैफिक डीएसपी किरण कुमार शर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.
मध्य प्रदेश में बेकाबू हो रहे हालात
मध्य प्रदेश में बेकाबू होते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार लॉकडाउन (Lockdown) की तरफ बढ़ती दिखाई दे रही है. सरकार ने हालांकि, इसके आधिकारिक आदेश तो नहीं निकाले हैं, लेकिन जिस तरह धीरे-धीरे जिलेवार लॉकडाउन लगाया जा रहा है, उससे ऐसा होते हुए ही दिख रहा है. सरकार ने रविवार को पन्ना में 15 अप्रैल को सुबह 6 बजे तक, जबकि मंडला और देवास जिलों में 19 अप्रैल को सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन की घोषणा कर दी. बता दें, सरकार ने 1 दिन पहले ही 11 जिलों में 9 दिनों का लॉकडाउन लगा दिया था.
यह लॉकडाउन शाजापुर छिंदवाड़ा, कटनी, रतलाम, बैतूल, खरगोन, सिवनी, बड़वानी, राजगढ़, बालाघाट, विदिशा और नरसिंहपुर में लगाया गया. इन जिलों को पूरी तरह से बंद करने का फैसला आपदा प्रबंध समिति और मंत्रिमंडल के सदस्यों की हुई बैठक के बाद लिया गया. सरकार इंदौर के साथ राऊ, महू, शाहजहांपुर और उज्जैन के शहरी क्षेत्रों में 19 अप्रैल की सुबह तक लॉकडाउन का फैसला ले चुकी है. यह सभी पहले 12 अप्रैल की सुबह 6:00 बजे खुलने वाले थे. बड़वानी, राजगढ़, विदिशा जिले में भी 19 अप्रैल की सुबह तक लॉकडाउन को बढ़ाया गया है.